विदेश सचिव मिसरी ने बीजिंग में चीन की उप विदेश मंत्री से मुलाकात की
विदेश सचिव मिसरी ने बीजिंग में चीन की उप विदेश मंत्री से मुलाकात की
(केजेएम वर्मा)
बीजिंग, 27 जुलाई (भाषा) विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने सोमवार को यहां चीन की उप विदेश मंत्री हुआ चुनयिंग से मुलाकात की और व्यापक दिपक्षीय संबंधों पर चर्चा की।
चीन में भारत के राजदूत रह चुके मिसरी ने सोमवार को बीजिंग की अपनी आधिकारिक यात्रा शुरू की। उन्होंने कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीसी) की केंद्रीय समिति के अंतरराष्ट्रीय विभाग की उपमंत्री सुन हाइयान से मुलाकात की और द्विपक्षीय संबंधों को लेकर नेताओं के दिशानिर्देशों को लागू करने के तरीकों पर चर्चा की।
बीजिंग में भारतीय दूतावास ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि मिसरी और हुआ ने “भारत-चीन द्विपक्षीय संबंधों के पूरे दायरे की समीक्षा की। दोनों ने इस बात पर भी चर्चा की कि दोनों देशों के शीर्ष नेताओं की उस सोच को कैसे आगे बढ़ाया जाए, जिसके तहत भारत और चीन एक-दूसरे के साझेदार हैं तथा एक-दूसरे के विकास के लिए अवसर प्रदान करते हैं।’’
पोस्ट में कहा गया, ‘‘इस दिशा में व्यापार और आर्थिक संबंधों, लोगों के आपसी संपर्क, सांस्कृतिक सहयोग तथा अन्य क्षेत्रों में दोनों पक्षों के लिए लाभकारी परिणाम हासिल करने के उपायों पर भी विचार-विमर्श किया गया।”
इसमें कहा गया है, “दोनों पक्षों ने भारत-चीन सीमावर्ती इलाकों में शांति और स्थिरता बनाए रखने के महत्व को स्वीकार किया।”
भारतीय दूतावास ने इससे पहले कहा कि मिसरी और उपमंत्री सुन ने “द्विपक्षीय संबंधों के लिए नेताओं के दिशानिर्देशों को और प्रभावी ढंग से लागू करने के तरीकों पर चर्चा की। इसमें दोनों पक्षों के लिए प्राथमिकता वाले मुद्दों का समाधान करना और राजनीतिक, लोगों के बीच, शैक्षणिक तथा विचारक संस्था स्तर के आदान-प्रदान को बढ़ावा देना शामिल है।”
मिसरी ने चीन के 14वें जन राजनीतिक सलाहकार सम्मेलन (सीपीपीसीसी) की राष्ट्रीय समिति के उप महासचिव हांग लियांग से भी मुलाकात की।
दूतावास ने कहा, “उन्होंने (मिसरी और लियांग ने) राजनीतिक और लोगों के बीच परस्पर संबंधों के स्तर पर द्विपक्षीय आदान-प्रदान को बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा की।”
मिसरी की यह यात्रा 21 जुलाई को मनीला में दक्षिण पूर्व एशियाई राष्ट्रों का संगठन (आसियान) से संबंधित बैठकों के दौरान विदेश मंत्री एस. जयशंकर और चीन के विदेश मंत्री वांग यी के बीच हुई मुलाकात के बाद हुई।
भाषा प्रशांत आशीष
आशीष

Facebook


