बेल्जियम में स्कूल बस के ट्रेन की चपेट में आने से चार लोगों की मौत: अधिकारी
बेल्जियम में स्कूल बस के ट्रेन की चपेट में आने से चार लोगों की मौत: अधिकारी
बुगेनहाउट (बेल्जियम), 26 मई (एपी) उत्तरी बेल्जियम में एक स्कूल बस के तेज गति से गुजर रही ट्रेन की चपेट में आने से दो बच्चों समेत चार लोगों की मौत हो गई और पांच अन्य बच्चे घायल हो गए। अभियोजकों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
प्रवक्ता लिसा डी वाइल्ड ने एक संवाददाता सम्मेलन में बताया कि घायल बच्चों को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया है। यह दुर्घटना राजधानी ब्रुसेल्स से लगभग 30 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में स्थित बुगेनहाउट कस्बे के पास सुबह एक ‘क्रॉसिंग’ पर हुई।
डी वाइल्ड ने बताया कि मृतकों में मिनीबस का चालक, परिचालक और दो बच्चे शामिल हैं। उन्होंने कहा कि दुर्घटना के कारण का अभी तक पता नहीं चल पाया है। जांचकर्ता चश्मदीदों से पूछताछ कर रहे हैं और आसपास लगे कैमरों की फुटेज की जांच कर रहे हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘हमारी जानकारी के अनुसार बैरियर बंद था और लाल बत्ती जल रही थी।’’
बेल्जियम की रेल संचालक कंपनी इंफ्राबेल के एक प्रवक्ता ने कहा कि ट्रेन जब क्रॉसिंग पर पहुंची तो उसकी अनुमानित गति लगभग 120 किलोमीटर प्रति घंटा थी और ब्रेक लगाने का समय नहीं था।
सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में बेल्जियम के गृह मंत्री बर्नार्ड क्विंटिन ने बुगेनहाउट में हुई इस ‘दुखद दुर्घटना’ पर ‘गहरा दुख’ व्यक्त किया। मंत्री ने कहा, ‘‘मेरी संवेदनाएं पीड़ितों और उनके प्रियजनों के साथ हैं।’’
एपी संतोष पवनेश
पवनेश

Facebook


