हंटा वायरस प्रभावित क्रूज नीदरलैंड पहुंचा, चालक दल को पृथकवास में रखा गया
हंटा वायरस प्रभावित क्रूज नीदरलैंड पहुंचा, चालक दल को पृथकवास में रखा गया
रॉटर्डम, 18 मई (एपी) हंटा वायरस प्रकोप की चपेट में आये जहाज को संक्रमणमुक्त करने के लिए नीदरलैंड के रॉटर्डम बंदरगाह लाया गया और इसके साथ ही परेशानी से भरी उस यात्रा का समापन हो गया जिसने अंतरराष्ट्रीय स्वास्थ्य एजेंसियों को सकते में डाल दिया था।
चालक दल के 25 सदस्य और दो चिकित्साकर्मियों को लेकर ‘द एमवी होंडियस’ पोत सोमवार सुबह रॉटर्डम पहुंचा। हालांकि सभी यात्री पहले ही अन्य जगहों पर उतर चुके थे।
‘एसोसिएटेड प्रेस’ के एक संवाददाता ने मौके पर देखा कि जब एक ‘टगबोट’ (बड़े जहाज को खींचने के लिए इस्तेमाल होने वाली नौका) और नीदरलैंड पुलिस की नौका जहाज को बंदरगाह पर खींच रही थी तब डेक पर सवार लोगों ने मास्क पहन रखे थे।
प्राधिकारियों ने बताया कि चालक दल के सभी सदस्यों को तत्काल पृथकवास में रखा जाएगा। जहाज पर सवार तीन यात्रियों की हंटावायरस के प्रकोप से मौत हो गई, जिनमें नीदरलैंड निवासी एक दंपति भी शामिल है।
स्वास्थ्य अधिकारियों का मानना है कि दक्षिण अमेरिका की यात्रा के दौरान यह दंपति सबसे पहले इस वायरस की चपेट में आया था।
‘एमवी होंडियस’ पिछले छह दिनों से कैनरी द्वीपसमूह से यात्रा करते हुए आगे बढ़ रहा था जहां शेष यात्रियों को पीपीई किट पहने कर्मचारियों की निगरानी में जहाज से उतारा गया और उन्हें पृथकवास के लिए 20 से अधिक देशों की उड़ानों में भेजा गया।
जहाज पर संक्रमण के कुल 12 मामले सामने आ चुके हैं, जिनमें से नौ की आधिकारिक पुष्टि हो चुकी है।
कनाडा के अधिकारियों ने बताया कि एमवी होंडियस क्रूज पर हंटा वायरस संक्रमण फैलने के बाद अपने घर लौटे कनाडा के चार नागरिकों में से एक की शुरुआती जांच में उसके संक्रमित होने के संकेत मिले हैं।
नीदरलैंड के स्वास्थ्य मंत्रालय ने पिछले हफ्ते कहा था कि चालक दल के जो सदस्य अपने देश नहीं लौट सकते, उन्हें नीदरलैंड में ही पृथकवास में रखा जाएगा। पिछले दो हफ्तों में कई उड़ानों से नीदरलैंड पहुंचे लगभग 24 यात्री और चालक दल के सदस्य पहले से ही पृथकवास में हैं।
अमेरिका में 18 नागरिक फिलहाल विशेष निगरानी में हैं।
नीदरलैंड के स्वास्थ्य मंत्रालय ने यह भी कहा था कि जहाज पर सवार सभी लोगों के उतरने के बाद इसे पूरी तरह संक्रमणमुक्त किया जाएगा।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने पिछले हफ्ते नीदरलैंड संसद को लिखे एक पत्र में कहा, ‘‘सफाईकर्मियों की सुरक्षा के लिए व्यक्तिगत सुरक्षा उपाय किए जा रहे हैं, ताकि सफाई के बाद उन्हें पृथकवास में न ले जाना पड़े।’’
जहाज को दोबारा रवाना होने की अनुमति देने से पहले जन स्वास्थ्य अधिकारी उसका निरीक्षण करेंगे।
एपी
खारी नरेश
नरेश

Facebook


