आईएमएफ ने श्रीलंका के लिए 69.5 करोड़ डॉलर की सहायता मंजूर की

आईएमएफ ने श्रीलंका के लिए 69.5 करोड़ डॉलर की सहायता मंजूर की

आईएमएफ ने श्रीलंका के लिए 69.5 करोड़ डॉलर की सहायता मंजूर की
Modified Date: May 28, 2026 / 08:41 am IST
Published Date: May 28, 2026 8:41 am IST

(सागर कुलकर्णी)

वाशिंगटन, 28 मई (भाषा) चक्रवात ‘दित्वा’ और पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के प्रभावों से जूझ रहे श्रीलंका की मदद के लिए अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) ने 69.5 करोड़ डॉलर की सहायता राशि मंजूर की है।

आईएमएफ के कार्यकारी बोर्ड ने श्रीलंका के आर्थिक सुधार कार्यक्रम की समीक्षा के बाद यह राशि मंजूर की। यह कार्यक्रम 48 महीने की विस्तारित निधि सुविधा (ईएफएफ) के तहत चलाया जा रहा है, जिसकी कुल राशि करीब 2.4 अरब डॉलर है।

आईएमएफ के उप प्रबंध निदेशक केंजी ओकामुरा ने कहा, ‘‘कठिन परिस्थितियों के बावजूद श्रीलंका ने विस्तारित निधि सुविधा के तहत अपने कार्यक्रम को मजबूती से लागू करना जारी रखा है। आर्थिक सुधार कार्यक्रम से मिले लाभों ने देश की आर्थिक मजबूती बनाए रखने में मदद की और चक्रवात दित्वा तथा पश्चिम एशिया युद्ध जैसी परिस्थितियों का सामना करने की क्षमता प्रदान की।’’

ओकामुरा ने कहा कि अमेरिका-ईरान युद्ध ने श्रीलंका की आर्थिक स्थिति को काफी प्रभावित किया है।

उन्होंने कहा, ‘‘वर्ष 2026 में विकास दर घटकर तीन प्रतिशत रहने का अनुमान है। तेल की बढ़ती कीमतें महंगाई बढ़ाएंगी और चालू खाते की स्थिति कमजोर करेंगी। पर्यटन से होने वाली आय में कमी का भी इस पर प्रतिकूल असर पड़ेगा। युद्ध की अवधि को लेकर बनी अनिश्चितता आर्थिक परिदृश्य के लिए जोखिम बढ़ा रही है।’’

ओकामुरा ने कहा कि इन प्रभावों से उबरने के लिए 2026 में खर्च में कुछ ढील देना उपयुक्त होगा। सरकार एक अस्थायी राहत योजना लागू कर रही है और साथ ही चक्रवात के बाद पुनर्निर्माण के लिए अतिरिक्त खर्च भी किया जा रहा है।

चक्रवात ‘दित्वा’ ने पिछले वर्ष नवंबर में श्रीलंका में भारी तबाही मचाई थी, जिसमें 600 से अधिक लोगों की जान गई थी। विश्व बैंक की एक रिपोर्ट के अनुसार, इससे देश को अनुमानित 4.1 अरब डॉलर का नुकसान हुआ।

भाषा

खारी गोला

गोला


लेखक के बारे में