भारत, आईओएम ने प्रवासन के नियमित मार्गों के विस्तार पर चर्चा की

भारत, आईओएम ने प्रवासन के नियमित मार्गों के विस्तार पर चर्चा की

भारत, आईओएम ने प्रवासन के नियमित मार्गों के विस्तार पर चर्चा की
Modified Date: May 9, 2026 / 12:50 pm IST
Published Date: May 9, 2026 12:50 pm IST

(योषिता सिंह)

संयुक्त राष्ट्र, नौ मई (भाषा) भारत और अंतरराष्ट्रीय प्रवासन संगठन (आईओएम) ने प्रवासन के नियमित मार्गों के विस्तार और उनमें विविधता लाने पर चर्चा की।

विदेश राज्य मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह ने शुक्रवार को यहां वैश्विक प्रवासन समझौते (जीसीएम) के दूसरे अंतरराष्ट्रीय प्रवासन समीक्षा मंच (आईएमआरएफ) से इतर आईओएम की महानिदेशक एमी पोप से मुलाकात की।

सिंह ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘चर्चा प्रवासन के नियमित मार्गों के विस्तार और उनमें विविधता लाने तथा भारत में जीसीएम के क्रियान्वयन एवं आईओएम की गतिविधियों को लेकर भारत के सक्रिय रुख पर केंद्रित रही।’’

आईओएम प्रवासन के क्षेत्र में संयुक्त राष्ट्र से संबंधित प्रमुख अंतर-सरकारी संगठन है। इसकी स्थापना 1951 में मानवीय और व्यवस्थित प्रवासन को बढ़ावा देने के लिए की गई थी। यह दुनिया भर में मानवीय सहायता उपलब्ध कराता है, प्रवासियों के प्रवाह का प्रबंधन करता है और विस्थापित आबादी की मदद करता है।

सिंह ने कनाडा की आव्रजन, शरणार्थी एवं नागरिकता मंत्री लेना मेटलेज दिआब से भी मुलाकात की।

उन्होंने कहा, ‘‘चर्चा कनाडा-भारत प्रवासन पहल और कुशल कार्यबल तथा छात्रों की आवाजाही से जुड़े आपसी हितों के क्षेत्रों पर केंद्रित रही।’’

सिंह रविवार को यहां पहुंचे थे। वह संयुक्त राष्ट्र महासभा के तत्वावधान में चार से आठ मई तक आयोजित दूसरे अंतरराष्ट्रीय प्रवासन समीक्षा मंच में भाग लेने के लिए भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे हैं।

उन्होंने संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतारेस से बृहस्पतिवार को संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में मुलाकात की और इसे ‘‘सार्थक बैठक’’ बताया।

सिंह ने आईएमआरएफ के पूर्ण सत्र में भारत का राष्ट्रीय वक्तव्य दिया और संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी मिशन द्वारा ‘लेवरेजिंग डिजिटल इनोवेशन इन माइग्रेशन गवर्नेंस : द ई-माइग्रेट एक्सपीरियंस ऑफ इंडिया’ (प्रवासन प्रशासन में डिजिटल नवोन्मेष का उपयोग : भारत का ई-प्रवासन अनुभव) विषय पर आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित किया।

भाषा

सिम्मी सुरेश

सुरेश


लेखक के बारे में