भारतीय राजदूत विनय मोहन क्वात्रा ने अमेरिका के वरिष्ठ आतंकवाद-रोधी अधिकारी से मुलाकात की
भारतीय राजदूत विनय मोहन क्वात्रा ने अमेरिका के वरिष्ठ आतंकवाद-रोधी अधिकारी से मुलाकात की
(सागर कुलकर्णी)
वाशिंगटन, आठ जून (भाषा) अमेरिका में भारत के राजदूत विनय मोहन क्वात्रा ने अमेरिका के वरिष्ठ आतंकवाद रोधी अधिकारी सेबेस्टियन गोर्का के साथ बैठक की और दुनिया भर में आतंकवाद से उत्पन्न खतरों पर चर्चा की।
क्वात्रा ने रविवार को ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘राष्ट्रपति के उप सहायक और राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद में आतंकवाद रोधी मामलों के वरिष्ठ निदेशक सेबेस्टियन गोर्का के साथ सार्थक बातचीत हुई।’’
क्वात्रा ने कहा, ‘‘हमने आतंकवाद के खतरों पर अपने विचार साझा किए और भारत-अमेरिका के फरवरी 2025 के संयुक्त वक्तव्य में उल्लिखित आतंकवाद रोधी सहयोग पर भी चर्चा की।’’
पिछले साल फरवरी में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस बात की पुष्टि की थी कि आतंकवाद के वैश्विक अभिशाप से लड़ना होगा और दुनिया के हर कोने से आतंकवादी पनाहगाहों को खत्म करना होगा।
वाशिंगटन में 13 फरवरी, 2025 को मोदी और ट्रंप की मुलाकात के बाद जारी एक संयुक्त बयान में कहा गया, ‘‘उन्होंने अल-कायदा, आईएसआईएस, जैश-ए-मोहम्मद और लश्कर-ए-तैयबा सहित अन्य आतंकवादी संगठनों से उत्पन्न खतरों के खिलाफ सहयोग को मजबूत करने की प्रतिबद्धता जताई ताकि 26/11 को मुंबई में हुए हमले और 26 अगस्त, 2021 को अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के प्रवेश द्वार एबे गेट पर हुई बम विस्फोट जैसी जघन्य घटनाओं को रोका जा सके।’’
अमेरिका ने 2008 के मुंबई आतंकी हमले के मास्टरमाइंड तहव्वुर राणा के प्रत्यर्पण की भी घोषणा की थी।
ट्रंप और मोदी ने पाकिस्तान से 26/11 और 2016 के पठानकोट हवाई अड्डे पर हुए हमले के दोषियों को जल्द से जल्द न्याय के कठघरे में लाने और यह सुनिश्चित करने का आह्वान किया था कि उसकी धरती का इस्तेमाल सीमा पार आतंकवाद को अंजाम देने के लिए न किया जाए।
भाषा सुरभि शोभना
शोभना

Facebook


