इजराइल ने रफाह सीमा क्रॉसिंग को प्रायोगिक तौर पर खोलने की घोषणा की
इजराइल ने रफाह सीमा क्रॉसिंग को प्रायोगिक तौर पर खोलने की घोषणा की
काहिरा, एक फरवरी (एपी) इजराइल ने फलस्तीनियों के सीमित आवागमन के मद्देनजर गाजा की मिस्र के साथ रफाह सीमा क्रॉसिंग को प्रायोगिक तौर पर खोलने की घोषणा की है।
इस घोषणा के बाद रफाह सीमा क्रॉसिंग पर रविवार को चहल-पहल देखी गयी। रफाह सीमा क्रॉसिंग को दोबारा खोलना इजराइल-हमास संघर्षविराम के आगे बढ़ने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।
इजराइल ने रविवार को घोषणा की कि रफाह क्रॉसिंग को प्रायोगिक तौर पर खोल दिया गया है। गाजा को मानवीय सहायता के प्रवाह को नियंत्रित करने वाली इज़राइली सैन्य एजेंसी सीओजीएटी ने एक बयान में कहा कि क्रॉसिंग को पूर्ण संचालन के लिए सक्रिय रूप से तैयार किया जा रहा है और तैयारियां पूरी होने के बाद गाजा के निवासी यहां से आवागमन शुरू कर सकेंगे।
मिस्र के एक अधिकारी ने नाम न उजागर करने की शर्त पर बताया कि फलस्तीनी सुरक्षा अधिकारी मिस्र वाले द्वार से होकर क्रॉसिंग में दाखिल हुए और फलस्तीनी द्वार की ओर बढ़े, जहां वे एक यूरोपीय संघ मिशन के साथ जुड़ेंगे, जो प्रवेश और निकास की निगरानी करेगा। अधिकारी ने यह भी बताया कि एंबुलेंस भी मिस्र वाले द्वार से होकर गुजरीं।
गाजा के दैनिक प्रशासनिक कार्यों की देखरेख करने वाली नई फलस्तीनी प्रशासनिक समिति के प्रमुख ने कहा है कि दोनों दिशाओं में यात्रा सोमवार से शुरू हो जाएगी।
रफाह को फलस्तीनियों के लिए दुनिया से जुड़ने का मुख्य द्वार माना जाता है, लेकिन मई 2024 में इजराइल द्वारा इसे अपने नियंत्रण में लिए जाने के बाद से यह अधिकांशतः बंद रहा है।
शुरुआत में बहुत कम लोगों को ही यात्रा की अनुमति दी जाएगी और किसी भी प्रकार के सामान के आवागमन की इजाजत नहीं होगी।
प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा है कि इजराइल प्रतिदिन 50 मरीजों को बाहर जाने की अनुमति देगा। घटनाक्रम की जानकारी रखने वाले एक अधिकारी ने बताया कि प्रत्येक मरीज के साथ दो परिजनों को यात्रा की इजाजत होगी, जबकि युद्ध के दौरान गाजा छोड़ने वाले करीब 50 लोगों को प्रतिदिन वापस लौटने दिया जाएगा।
इजराइल ने कहा है कि इजराइल और मिस्र दोनों मिलकर रफाह क्रॉसिंग से आने-जाने वालों की जांच करेंगे और यह प्रक्रिया यूरोपीय संघ के सीमा गश्ती एजेंटों की निगरानी में होगी। यदि व्यवस्था सफल रहती है तो समय के साथ यात्रियों की संख्या बढ़ाई जाएगी।
रफाह को दोबारा खोलना अमेरिका की मध्यस्थता से हुए संघर्षविराम समझौते का एक महत्वपूर्ण चरण है, जो 10 अक्टूबर को प्रभावी हुआ था और अब अपने दूसरे चरण में प्रवेश कर रहा है।
एपी गोला माधव
माधव

Facebook


