इजराइल ने पाकिस्तानी रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ की ‘‘बेहद आपत्तिजनक’’ टिप्पणियों की निंदा की

इजराइल ने पाकिस्तानी रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ की ‘‘बेहद आपत्तिजनक’’ टिप्पणियों की निंदा की

इजराइल ने पाकिस्तानी रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ की ‘‘बेहद आपत्तिजनक’’ टिप्पणियों की निंदा की
Modified Date: April 10, 2026 / 09:16 am IST
Published Date: April 10, 2026 9:16 am IST

(हरिंदर मिश्रा)

यरूशलम, 10 अप्रैल (भाषा) इजराइल ने पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ की ‘‘बेहद आपत्तिजनक’’ टिप्पणियों की कड़ी निंदा करते हुए ‘‘तटस्थ मध्यस्थ’’ के रूप में उनके देश की भूमिका पर संदेह जताया है।

इजराइल के प्रधानमंत्री कार्यालय ने बृहस्पतिवार शाम ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘पाकिस्तान के रक्षा मंत्री का इजराइल के विनाश का आह्वान बेहद आपत्तिजनक है।’’

प्रधानमंत्री कार्यालय ने कहा, ‘‘यह ऐसा बयान नहीं है जिसे किसी भी सरकार से बर्दाश्त किया जा सके, खासकर ऐसी सरकार से जो शांति के लिए स्वयं के एक निष्पक्ष मध्यस्थ होने का दावा करती है।’’

अमेरिका और ईरान के बीच दो सप्ताह के अस्थायी युद्धविराम में मध्यस्थता करने का श्रेय पाकिस्तान को दिया जाता है और वह सप्ताहांत में शांति वार्ता की मेजबानी करने की तैयारी कर रहा है।

हालांकि, आसिफ ने सोशल मीडिया पर एक ‘पोस्ट’ में इजराइल को ‘‘बुरा’’ और ‘‘मानवता के लिए अभिशाप’’ बताया।

आसिफ ने यह भी कहा, ‘‘इस्लामाबाद में शांति वार्ता जारी है जबकि लेबनान में नरसंहार किया जा रहा है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘निर्दोष नागरिकों को इजराइल द्वारा मारा जा रहा है, पहले गाजा, फिर ईरान और अब लेबनान में रक्तपात बेरोकटोक जारी है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मैं आशा और प्रार्थना करता हूं कि जिन लोगों ने यूरोपीय यहूदियों से छुटकारा पाने के लिए फलस्तीनी जमीन पर इस ‘कैंसर जैसे देश’ को बनाया, वे नरक में जलें।’’

इजराइल के विदेश मंत्री गिदोन सआर ने भी आसिफ की टिप्पणियों की निंदा करते हुए कहा, ‘‘शांति में मध्यस्थता का दावा करने वाली सरकार की ओर से यह खुला यहूदी-विरोधी और घोर मिथ्या आरोप है।’’

सआर ने कहा, ‘‘इजराइल उन आतंकवादियों के खिलाफ अपनी रक्षा करेगा जो उसके विनाश की कसम खाते हैं।’’

भाषा सिम्मी गोला

गोला


लेखक के बारे में