इजराइल ने वेस्ट बैंक में ‘सीएनएन’ टीम पर हमला करने वाली सैन्य इकाई को निलंबित किया
इजराइल ने वेस्ट बैंक में ‘सीएनएन’ टीम पर हमला करने वाली सैन्य इकाई को निलंबित किया
यरुशलम, 30 मार्च (एपी) इजराइल की सेना ने कब्जे वाले वेस्ट बैंक में ‘सीएनएन’ की टीम पर हमला के लिए एक बटालियन को निलंबित कर दिया है। सैनिकों के दुर्व्यवहार के लिए सजा का यह एक दुर्लभ मामला है।
पिछले सप्ताह सैनिकों द्वारा ‘सीएनएन’ की टीम पर हमला करने का वीडियो सामने आने के बाद सेना ने सोमवार को घोषणा की कि वह नेत्जाह येहुदा बटालियन को निलंबित कर रही है।
नेत्जाह येहुदा सेना की एक इकाई है जो अतीत में फलस्तीनी नागरिकों के साथ दुर्व्यवहार को लेकर चर्चा में रही है। इससे पहले वर्ष 2022 में बटालियन के सैनिकों द्वारा हिरासत में लिए जाने के बाद 78 वर्षीय फलस्तीनी अमेरिकी व्यक्ति की मौत के मामले में भी विवाद हुआ था।
अमेरिकी सरकार की कड़ी निंदा के बाद इजराइली सेना ने मामले को ‘‘गंभीर और दुर्भाग्यपूर्ण घटना’’ बताया था, एक अधिकारी को फटकार लगाई और दो अन्य का तबादला कर दिया। उसी वर्ष बाद में, इजराइल ने उस इकाई को वेस्ट बैंक से हटा दिया।
पिछले सप्ताह की घटना में ‘सीएनएन’ की एक टीम वेस्ट बैंक के तयासिर गांव के लोगों पर हिंसा के संबंध में एक रिपोर्ट तैयार कर रही थी। संयुक्त राष्ट्र के आंकड़ों के अनुसार, इस क्षेत्र में हिंसा में भारी वृद्धि हुई है और इस वर्ष इजराइली बस्तियों के सदस्यों द्वारा कम से कम नौ फलस्तीनियों की हत्या की गई है। फलस्तीनियों के खिलाफ हिंसा के लिए इजराइली बस्ती के लोगों को दंडित करना भी दुर्लभ है।
एपी आशीष अमित
अमित

Facebook


