मैरीलैंड के गवर्नर मूर ने राज्य के विकास में तेलुगु समुदाय के योगदान की सराहना की
मैरीलैंड के गवर्नर मूर ने राज्य के विकास में तेलुगु समुदाय के योगदान की सराहना की
वाशिंगटन, तीन अगस्त (भाषा) अमेरिका के मैरीलैंड राज्य के गवर्नर वेस मूर ने तेलुगु समुदाय के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि यह समुदाय तकनीकी और चिकित्सा क्षेत्र में राज्य के मजबूती के साथ आगे बढ़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
मूर ने रविवार को बाल्टीमोर में अमेरिकन तेलुगु एसोसिएशन (एटीए) के 19वें सम्मेलन को संबोधित करते हुए मैरीलैंड की लेफ्टिनेंट गवर्नर कात्रागड्डा मिलर के नेतृत्व को भी रेखांकित किया। मिलर का जन्म हैदराबाद में हुआ था।
वर्ष 2022 में मूर और मिलर ने इतिहास रचा था। मूर मैरीलैंड के पहले निर्वाचित अश्वेत गवर्नर बने, जबकि मिलर राज्य की पहली अश्वेत अल्पसंख्यक महिला लेफ्टिनेंट गवर्नर बनीं।
अमेरिका के 250 साल के इतिहास में अब तक केवल तीन अश्वेत व्यक्ति ही किसी राज्य के गवर्नर चुने गए हैं।
तीन दिवसीय सम्मेलन के समापन सत्र को संबोधित करते हुए मूर ने कहा, “तेलुगु समुदाय मैरीलैंड की तकनीकी, चिकित्सा, कारोबारी और शैक्षणिक क्षेत्र में मजबूती के केंद्र में है।”
इस सम्मेलन में अमेरिका भर से हजारों तेलुगु समुदाय के लोगों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में वर्जीनिया की लेफ्टिनेंट गवर्नर गजाला हाशमी ने भी हिस्सा लिया। उनका जन्म भी हैदराबाद में हुआ था और वह चार वर्ष की उम्र में अपने माता-पिता के साथ अमेरिका चली गई थीं।
सम्मेलन में तेलंगाना के उपमुख्यमंत्री मल्लू भट्टी विक्रमार्क, तेलंगाना विधान परिषद के सभापति गुट्टा सुखेंदर रेड्डी, पर्यटन मंत्री जुपल्ली कृष्णा राव, विधायक टी. राममोहन रेड्डी, येन्नेम श्रीनिवास रेड्डी, मनोहर रेड्डी और तेलंगाना भाजपा अध्यक्ष एन. रामचंदर राव सहित कई प्रमुख लोग शामिल हुए।
कार्यक्रम में वरिष्ठ अभिनेता राजेंद्र प्रसाद और पार्श्व गायिका सुनीता उपद्रष्टा सहित कई प्रसिद्ध फिल्मी हस्तियों ने भी भाग लिया।
वर्ष 1991 में स्थापित अमेरिकन तेलुगु एसोसिएशन शिक्षा संबंधी पहलों, युवाओं के विकास, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, स्वास्थ्य जागरूकता गतिविधियों, मानवीय सहायता, छात्रवृत्तियों और सामुदायिक सेवा के माध्यम से हजारों परिवारों के लिए काम करता है।
भाषा मनीषा माधव
माधव

Facebook


