नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री ओली व पूर्व गृह मंत्री लेखक जमानत पर रिहा
नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री ओली व पूर्व गृह मंत्री लेखक जमानत पर रिहा
(शिरीष बी प्रधान)
काठमांडू, नौ अप्रैल (भाषा) नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री के पी शर्मा ओली और पूर्व गृह मंत्री रमेश लेखक को बृहस्पतिवार को निजी मुचलके पर जमानत पर रिहा कर दिया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
नेपाल कम्युनिस्ट पार्टी (एकीकृत मार्क्सवादी-लेनिनवादी) के अध्यक्ष ओली और नेपाली कांग्रेस के वरिष्ठ नेता लेखक को पिछले साल आठ और नौ सितंबर को हुए ‘जेन जेड’ आंदोलन को दबाने में कथित संलिप्तता के लिए पिछले महीने गिरफ्तार किया गया था। इस आंदोलन के दौरान 76 लोग मारे गये थे।
‘जेन जेड’ उस पीढ़ी को कहा जाता है जो 1997 से 2012 के बीच पैदा हुई है।
उच्चतम न्यायालय की एक संयुक्त पीठ ने सोमवार को अधिकारियों को आदेश दिया कि वे ओली और लेखक के खिलाफ जांच बृहस्पतिवार तक पूरी करें या उन्हें हिरासत से रिहा कर दें।
इस पीठ में न्यायमूर्ति बिनोद शर्मा और न्यायमूर्ति सुनील कुमार पोखरेल शामिल थे।
काठमांडू पुलिस के प्रवक्ता पवन कुमार भट्टराई ने बताया कि ओली (75) और लेखक (62) को इस शर्त पर रिहा किया गया है कि आवश्यकता पड़ने पर वे जांच अधिकारियों के समक्ष पेश होंगे।
रिहाई के तुरंत बाद ओली ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर लिखा, ‘‘अधिकारियों द्वारा पूर्वाग्रह और प्रतिशोधात्मक हिरासत में रखे जाने के 13 दिनों के बाद अंततः मुझे रिहा कर दिया गया है। मेरे खिलाफ कानूनी मामला चलाने के लिए कोई उचित आधार और सबूत न होने के कारण मुझे रिहा किया गया है।’’
भाषा
देवेंद्र अविनाश
अविनाश

Facebook


