नेपाल के विदेश मंत्री खनाल ने भारत यात्रा को ‘सार्थक’ बताया
नेपाल के विदेश मंत्री खनाल ने भारत यात्रा को ‘सार्थक’ बताया
काठमांडू, सात जून (भाषा) नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल ने रविवार को भारत की अपनी तीन दिवसीय यात्रा को ‘‘सार्थक’’ बताया और कहा कि द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने की दिशा में ठोस कदम उठाए गए हैं।
खनाल की पांच से सात जून तक भारत की आधिकारिक यात्रा के दौरान, उन्होंने विदेश मंत्री एस जयशंकर के साथ व्यापक वार्ता की और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजीत डोभाल से भी मुलाकात की।
रविवार शाम त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचने पर मीडियाकर्मियों से बातचीत में खनाल ने कहा, ‘‘भारतीय समकक्ष एस जयशंकर के साथ विभिन्न क्षेत्रों में पारस्परिक सहयोग, कूटनीति और सीमा विवाद से संबंधित मामलों पर सार्थक चर्चा हुई।’’
उन्होंने कहा, ‘दोनों देशों के तंत्र नेपाल और भारत के बीच मौजूदा सीमा विवाद को सुलझाने की दिशा में काम कर रहे हैं।’
उन्होंने कहा कि नेपाल ने स्पष्ट रूप से यह विचार रखा है कि सीमा से संबंधित मुद्दों को कूटनीति और मौजूदा तंत्र के माध्यम से हल किया जा सकता है।
रवाना होने से पहले खनाल ने कहा था कि नेपाल भारत के साथ सीमा विवाद को मौजूदा द्विपक्षीय तंत्रों के माध्यम से हल करना चाहता है, क्योंकि जब दोनों पक्ष खुले मन, तर्कसंगत सोच और आपसी सम्मान के साथ बात करते हैं, तो ‘कोई भी समस्या इतनी बड़ी या जटिल नहीं होती।’
काठमांडू में पत्रकारों से बातचीत में खनाल ने कहा कि जयशंकर के साथ उनकी मुलाकात के दौरान ‘विकास सहयोग, संपर्क विस्तार, व्यापार और पारगमन, ऊर्जा और लोगों के आपसी संबंधों को और मजबूत करने’ से संबंधित मुद्दों पर चर्चा हुई।
भाषा आशीष नरेश
नरेश

Facebook


