अमेरिका: मॉल ऑफ लुइसियाना में गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत, पांच लोग घायल
अमेरिका: मॉल ऑफ लुइसियाना में गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत, पांच लोग घायल
बैटन रूज (अमेरिका), 24 अप्रैल (एपी) अमेरिका के लुइसियाना में एक मॉल के ‘फूड कोर्ट’ में बृहस्पतिवार को गोलीबारी की घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई और पांच अन्य घायल हो गए। पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बैटन रूज स्थित ‘मॉल ऑफ लुइसियाना’ के अंदर हुई गोलीबारी को कोई आकस्मिक हमला नहीं बल्कि दो गुटों के बीच हुई झड़प बताया है। लुइसियाना की अटॉर्नी जनरल लिज मुरिल ने कहा कि इस घटना में कुछ निर्दोष राहगीरों को भी गोली लगी है।
पुलिस प्रमुख टीजे मोर्स ने बताया कि इस संबंध में पांच लोगों को हिरासत में लिया गया है और आम लोगों को अब कोई खतरा नहीं है।
मोर्स ने संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘यह दो अलग-अलग गुटों के बीच लड़ाई थी, जिसकी गुत्थी सुलझाने की हम कोशिश कर रहे हैं और दुर्भाग्य से निर्दोष लोग गोलीबारी की चपेट में आ गए।’’
लाफायेट पैरिश की अध्यक्ष मोनिका ब्लैंको बुलेट के एक पोस्ट के अनुसार ‘एसेन्शन एपिस्कोपल स्कूल’ के तीन सीनियर छात्र भी गोलीबारी के पीड़ितों में शामिल हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘बैटन रूज के मॉल ऑफ लुइसियाना में आज हुई इस हिंसा से हम बेहद दुखी हैं और अपने समुदाय से इन सभी परिवारों के लिए प्रार्थना करने में हमारा साथ देने का आग्रह करते हैं।’’
स्कूल की प्रवक्ता राहेल डेलकैम्ब्रे ने एक ईमेल में कहा, ‘‘पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना है और स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए स्कूल इस समय कोई अतिरिक्त जानकारी नहीं देगा।’’
अधिकारियों ने शुरू में कहा था कि 10 लोग घायल हुए हैं, लेकिन बाद में उन्होंने संख्या में संशोधन किया।
मोर्स ने हालांकि यह नहीं बताया कि लुइसियाना की राजधानी में स्थित मॉल में गोलीबारी किस वजह से हुई। उन्होंने कहा कि पुलिस पीड़ितों के नाम तब तक जारी नहीं करेगी जब तक उनके परिवारों को सूचित नहीं कर दिया जाता।
वहां एक निर्माणाधीन परियोजना पर काम करने वाले एलेक्स थेरियट ने कहा, ‘‘हर व्यक्ति भाग रहा था और हर ओर चीख पुकार मची थी। मुझे लगा मानो कोई आतंकवादी हमला हो।’’
मॉल में कपड़ों की एक दुकान में काम करने वाली डिजायर बैटन ने कहा, ‘‘हमलोग खुद को बचाने के लिए अंदर छिप गए और पुलिस के आने तक वहीं छिपे रहे।’’
एपी सुरभि शोभना
शोभना

Facebook


