पाकिस्तान ने पहलगाम आतंकी हमले से उसे जोड़ने के लिए भारत की आलोचना की

पाकिस्तान ने पहलगाम आतंकी हमले से उसे जोड़ने के लिए भारत की आलोचना की

पाकिस्तान ने पहलगाम आतंकी हमले से उसे जोड़ने के लिए भारत की आलोचना की
Modified Date: April 23, 2026 / 08:38 pm IST
Published Date: April 23, 2026 8:38 pm IST

(सज्जाद हुसैन)

इस्लामाबाद, 23 अप्रैल (भाषा) पाकिस्तान ने पहलगाम में आतंकवादी हमले की घटना से उसे जोड़ने के लिए भारत की आलोचना करते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि नयी दिल्ली ऐसे समय में ‘‘बेबुनियाद आरोप’’ लगा रही है, जब इस्लामाबाद क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय शांति और सुरक्षा के लिए समन्वित कूटनीतिक प्रयास कर रहा है।

पाकिस्तान के आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा ने 22 अप्रैल, 2025 को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हमला किया था, जिसमें 26 लोग मारे गए थे। इनमें ज्यादातर पर्यटक थे।

पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ ‘ऑपरेशन सिंदूर’ नाम से जवाबी सैन्य अभियान चलाया था, जिसमें भारतीय सशस्त्र बलों ने पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में सैन्य तथा आतंकी ढांचे को ध्वस्त किया था।

पाकिस्तान के विदेश कार्यालय ने कहा, ‘‘ऐसे समय में जब पाकिस्तान अपने अंतरराष्ट्रीय सहयोगियों के साथ मिलकर क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय शांति एवं सुरक्षा के लिए समन्वित कूटनीतिक प्रयास कर रहा है, यह बेहद निंदनीय है कि भारत ने एक बार फिर निराधार आरोपों और दुष्प्रचार का सहारा लेकर पाकिस्तान को पहलगाम घटना से जोड़ने का प्रयास किया है।’’

विदेश कार्यालय ने इस बात को ‘‘दुर्भाग्यपूर्ण’’ बताया कि क्षेत्रीय संकट के बीच भी, ‘‘भारत संकीर्ण घरेलू राजनीतिक फायदे के लिए पाकिस्तान के खिलाफ अपने झूठे विमर्श को हथियार बनाने पर ध्यान केंद्रित कर रहा है।’’

इसने भारत पर क्षेत्रीय शांति और सुरक्षा को कमजोर करने का भी आरोप लगाया ।

पहलगाम आतंकवादी हमले की पहली बरसी पर भारतीय सेना ने बुधवार को आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में अपने दृढ़ संकल्प को दोहराते हुए कहा था कि भारत के खिलाफ किसी भी कृत्य का ‘‘जवाब निश्चित तौर पर दिया जाएगा’’।

भाषा

देवेंद्र पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में