पाकिस्तान सरकार ने भारी जनाक्रोश के बाद पेट्रोल की कीमत में 80 रुपये प्रति लीटर की कटौती की

पाकिस्तान सरकार ने भारी जनाक्रोश के बाद पेट्रोल की कीमत में 80 रुपये प्रति लीटर की कटौती की

पाकिस्तान सरकार ने भारी जनाक्रोश के बाद पेट्रोल की कीमत में 80 रुपये प्रति लीटर की कटौती की
Modified Date: April 4, 2026 / 09:48 am IST
Published Date: April 4, 2026 9:48 am IST

(सज्जाद हुसैन)

इस्लामाबाद, चार अप्रैल (भाषा) ईंधन की कीमतों में अभूतपूर्व वृद्धि के कारण भारी जनाक्रोश पैदा होने के एक दिन बाद पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने पेट्रोल की कीमत में 80 पाकिस्तानी रुपये की कटौती की घोषणा की है।

शरीफ ने शुक्रवार देर रात अपने संबोधन में कहा कि सरकार ने पेट्रोल पर लगाए अतिरिक्त शुल्क (लेवी) में 80 रुपये प्रति लीटर की कमी करने का फैसला किया है, जिससे उपभोक्ताओं को पेट्रोल 378 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर की दर से उपलब्ध होगा।

सरकार ने बृहस्पतिवार को पेट्रोल और हाई-स्पीड डीजल की कीमतों में क्रमशः 43 प्रतिशत और 55 प्रतिशत की अभूतपूर्व वृद्धि की घोषणा की थी।

पेट्रोल की कीमत 321.17 पाकिस्तानी रुपये से बढ़ाकर 458.41 रुपये प्रति लीटर कर दी गई थी, क्योंकि सरकारी लेवी 105 रुपये से बढ़ाकर 160 रुपये प्रति लीटर कर दी गई थी।

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘मैं पेट्रोल लेवी में तत्काल 80 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर की कमी की घोषणा करता हूं।’’ उन्होंने बताया कि नयी कीमत 378 रुपये प्रति लीटर आधी रात से लागू हो जाएगी और देशभर के पेट्रोल पंपों पर इसी दर से पेट्रोल उपलब्ध होगा।

उन्होंने कहा कि पेट्रोल की कीमत कम से कम एक महीने तक नहीं बढ़ायी जाएगी।

शरीफ ने कहा कि खाड़ी क्षेत्र की स्थिति के कारण पेट्रोलियम कीमतों में वृद्धि हुई है, लेकिन सरकार कीमतों को नियंत्रित रखने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है।

उन्होंने कहा, ‘‘सावधानीपूर्वक बचत और संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग के जरिए हमने आपको महंगाई के इस तूफान से बचाने की कोशिश की।’’

शरीफ ने बताया कि पहले यह तय किया गया था कि संघीय कैबिनेट के सदस्य दो महीने तक वेतन नहीं लेंगे, लेकिन अब उन्हें छह महीने तक वेतन नहीं मिलेगा।

उन्होंने कहा, ‘‘पिछले तीन हफ्तों में मैंने रोजाना बढ़ती तेल कीमतों का बोझ जनता पर डालना उचित नहीं समझा, क्योंकि मैं आम आदमी की परेशानियों से भली-भांति वाकिफ हूं।’’

इसके अलावा, प्रधानमंत्री ने कमजोर वर्गों के लिए राहत उपायों की घोषणा की, जिनमें मोटरसाइकिल उपयोगकर्ताओं के लिए 100 रुपये प्रति लीटर की सब्सिडी, माल ढुलाई वाहनों के लिए 70,000 से 80,000 रुपये, और यात्री वाहनों के लिए 1,00,000 रुपये की सहायता शामिल है।

उन्होंने कहा, ‘‘छोटे किसानों के लिए 1,500 रुपये प्रति एकड़ की वित्तीय सहायता की घोषणा की गई है।’’

उन्होंने यह भी बताया कि पाकिस्तान रेलवे के लिए यह निर्णय लिया गया है कि ‘इकोनॉमी’ श्रेणी के किराए में कोई वृद्धि नहीं की जाएगी।

शरीफ ने कहा कि ये सभी राहत उपाय पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर और गिलगित-बाल्टिस्तान में भी लागू किए जाएंगे, जिसके लिए सरकार सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराएगी।

युद्ध शुरू होने के तुरंत बाद पाकिस्तानी सरकार ने पेट्रोल और हाई-स्पीड डीजल की कीमतों में 55 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की थी। हालांकि, इसके बाद तीन सप्ताह तक कीमतें स्थिर रखी गईं और सरकार ने 129 अरब रुपये की सब्सिडी दी।

भाषा गोला सुरभि

सुरभि


लेखक के बारे में