पाकिस्तान पुलिस ने ट्यूशन सेंटर की छत गिरने के मामले में 5 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया
पाकिस्तान पुलिस ने ट्यूशन सेंटर की छत गिरने के मामले में 5 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया
(एम. जुल्करनैन)
लाहौर, एक जुलाई (भाषा) लाहौर में एक ट्यूशन सेंटर की छत गिरने से 14 स्कूली बच्चों की मौत और 20 अन्य के घायल होने के एक दिन बाद, बुधवार को पाकिस्तान की पंजाब पुलिस ने एक बिल्डर और ट्यूशन सेंटर के मालिकों समेत पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया।
पंजाब सरकार ने मारे गए लोगों के परिवारों को 20-20 लाख पाकिस्तानी रुपये और घायलों में से प्रत्येक को पांच लाख पाकिस्तानी रुपये का मुआवज़ा देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री मरियम नवाज़ ने ज़िम्मेदार लोगों के ख़िलाफ़ सख़्त कार्रवाई के आदेश भी दिए।
लाहौर के उप महानिरीक्षक (अभियान) फैसल कामरान ने बताया कि बिल्डर समेत पांच लोगों के खिलाफ पाकिस्तान दंड संहिता की धारा 322 (गैर-इरादतन हत्या) और 337-एच (लापरवाही या जल्दबाजी भरे काम से चोट पहुंचाना) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, जब छत गिरी, तो संदिग्धों में से एक की पत्नी ट्यूशन सेंटर में पढ़ा रही थी। इस घटना में उसे भी चोटें आईं।
यह दुखद घटना मंगलवार को तब हुई जब घनी आबादी वाले काहना नौ इलाके में एक निर्माणाधीन इमारत में स्थित ट्यूशन सेंटर में करीब 35 बच्चे पढ़ रहे थे।
इस घटना में पांच से 13 साल की उम्र की आठ लड़कियों और छह लड़कों की मौत हो गई।
भाषा
प्रशांत माधव
माधव

Facebook


