पाकिस्तान को सऊदी अरब और कतर से पांच अरब अमेरिकी डॉलर की सहायता मिलेगी
पाकिस्तान को सऊदी अरब और कतर से पांच अरब अमेरिकी डॉलर की सहायता मिलेगी
इस्लामाबाद, 12 अप्रैल (भाषा) आर्थिक संकट से जूझ रहे पाकिस्तान को सऊदी अरब और कतर से पांच अरब अमेरिकी डॉलर की वित्तीय सहायता मिलने वाली है। रविवार को मीडिया की एक खबर से यह जानकारी मिली।
‘डॉन’ अखबार की खबर के अनुसार, देश को महत्वर्पूण समय में धन मिलने वाला है क्योंकि इस्लामाबाद इस महीने संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) को 3.5 अरब अमेरिकी डॉलर चुकाने की तैयारी कर रहा है और अपने विदेशी मुद्रा भंडार पर दबाव का सामना कर रहा है।
खबर में वित्त मंत्रालय के सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि पाकिस्तान के कमजोर विदेशी मुद्रा भंडार पर दबाव को कम करने के लिए सऊदी अरब और कतर पांच अरब अमेरिकी डॉलर की वित्तीय सहायता प्रदान करेंगे।
यह घटनाक्रम ऐसे समय हुआ है जब वित्त मंत्री मुहम्मद औरंगजेब वाशिंगटन दौरे पर आईएमएफ-विश्व बैंक की बैठकों में भाग लेकर पाकिस्तान की आर्थिक रणनीति को मजबूती देने की कोशिश करेंगे।
औरंगजेब 13 से 18 अप्रैल तक इन बैठकों में भाग लेंगे, जहां उनके अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) और विश्व बैंक के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बातचीत करने की संभावना है।
‘डॉन’ की खबर के मुताबिक, आईएमएफ ने शर्त रखी है कि पाकिस्तान के तीन प्रमुख द्विपक्षीय ऋणदाता सऊदी अरब, चीन और संयुक्त अरब अमीरात को देश में अपनी नकद जमा राशि मौजूदा तीन वर्षीय कार्यक्रम के पूरा होने तक बनाए रखनी होगी। ऐसा प्रतीत होता है कि कतर, संयुक्त अरब अमीरात की जगह ले सकता है।
भाषा आशीष सुभाष
सुभाष

Facebook


