अमेरिका-ईरान शांति प्रक्रिया का समर्थन जारी रखेगा पाकिस्तान : गृह मंत्री मोहसिन नकवी

अमेरिका-ईरान शांति प्रक्रिया का समर्थन जारी रखेगा पाकिस्तान : गृह मंत्री मोहसिन नकवी

अमेरिका-ईरान शांति प्रक्रिया का समर्थन जारी रखेगा पाकिस्तान : गृह मंत्री मोहसिन नकवी
Modified Date: June 24, 2026 / 06:32 pm IST
Published Date: June 24, 2026 6:32 pm IST

(सज्जाद हुसैन)

इस्लामाबाद, 24 जून (भाषा) पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने अपने ईरानी समकक्ष इस्कंदर मोमेनी को आश्वासन दिया है कि वाशिंगटन और तेहरान के बीच स्थायी शांति के लिए इस्लामाबाद अपनी कोशिशें जारी रखेगा।

मोमेनी मंगलवार को ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान के प्रतिनिधिमंडल के साथ एक दिन की यात्रा पर आये हैं।

अमेरिका और ईरान ने पिछले हफ्ते पश्चिम एशिया में शांति बहाल करने के उद्देश्य से एक सहमति पत्र पर हस्ताक्षर किए थे।

इस हफ्ते की शुरुआत में, उन्होंने स्विट्जरलैंड में तकनीकी स्तर की बातचीत की। यह बातचीत मध्यस्थों – पाकिस्तान (जिसने ‘गारंटर’ के तौर पर हस्ताक्षर किये हैं) और कतर – की मौजूदगी में हुई।

बातचीत के बाद, अमेरिका और ईरान 60 दिनों में शांति समझौते को अंतिम रूप देने के लिए सहमत हुए।

इस्लामाबाद में गृह मंत्रालय द्वारा बुधवार को जारी बयान के अनुसार, नकवी और मोमेनी ने पाकिस्तान-ईरान संबंधों तथा क्षेत्र की मौजूदा स्थिति पर चर्चा की।

नकवी ने स्विट्जरलैंड में हस्ताक्षर किये गए संयुक्त वक्तव्य के लिए मोमेनी को बधाई दी और कहा कि ईरान सरकार की सच्ची कोशिशों और मोमेनी की व्यक्तिगत प्रतिबद्धता के बिना यह संभव नहीं होता।

नकवी ने कहा, ‘‘पाकिस्तान ने हमेशा दुनिया भर में शांति और स्थिरता की कोशिश की है।’’ उन्होंने कहा कि इस्लामाबाद पश्चिम एशिया में स्थायी शांति के लिए अपनी कोशिशें जारी रखेगा।

बयान में कहा गया है कि उन्होंने उम्मीद जताई कि संयुक्त वक्तव्य का इस क्षेत्र पर दूरगामी सकारात्मक असर पड़ेगा।

इसमें कहा गया है कि बैठक के दौरान, दोनों पक्ष सुरक्षा, आतंकवाद-रोधी उपायों, साइबर सुरक्षा और आव्रजन जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर सहमत हुए।

हाल के हफ्तों में मोमेनी और नकवी कई बार मिले हैं, क्योंकि पाकिस्तानी मंत्री ने उच्च-स्तरीय कूटनीतिक प्रयासों के तहत कई बार यात्राएं कीं।

मोमेनी ने कहा, ‘‘मैं जल्द ही पाकिस्तान का व्यापक दौरा करूंगा, जिसका मकसद दोनों देशों के गृह मंत्रालयों के बीच सहयोग को और प्रगाढ़ करना है।’’

मंगलवार को जब पेजेश्कियान का विमान पाकिस्तानी हवाई क्षेत्र में दाखिल हुआ, तो पाकिस्तान के जेएफ-17 थंडर लड़ाकू विमानों ने उसे सुरक्षा घेरा प्रदान किया। उन्होंने पाकिस्तान के शीर्ष नागरिक और सैन्य नेतृत्व से मुलाकात की और क्षेत्रीय घटनाक्रम तथा शांति पहल पर चर्चा की।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ताहिर अंद्राबी ने इस्लामाबाद में साप्ताहिक प्रेस वार्ता में कहा कि अमेरिका और ईरान गलतफहमियों को रोकने, होर्मुज जलडमरूमध्य से वाणिज्यिक जहाजों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने और टकराव टालने का तंत्र बनाने पर भी सहमत हुए हैं, जिसमें लेबनान भी शामिल होगा।

भाषा सुभाष प्रशांत

प्रशांत


लेखक के बारे में