नाइजीरिया में मछली पकड़ने के पारंपरिक पर्व में लोगों ने बढ़चढ़ कर लिया हिस्सा
नाइजीरिया में मछली पकड़ने के पारंपरिक पर्व में लोगों ने बढ़चढ़ कर लिया हिस्सा
अबुजा, 15 फरवरी (एपी) नाइजीरिया के उत्तर-पश्चिम में स्थित अर्गुंगु शहर में हरियाली के बीच बहने वाली मतान फदान नदी में शनिवार को हजारों मछुआरे मछली पकड़ने के पारंपरिक पर्व में शामिल हुए।
राष्ट्रपति बोला अहमद टिनुबू सहित हजारों दर्शकों ने सबसे बड़ी मछली पकड़ने की प्रतियोगिता में शामिल प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया। हालांकि सुरक्षा संबंधी कारणों से कुछ लोगों ने उत्सव से दूरी बनाए रखी।
इस पर्व पर मछली पकड़ने के लिए लोगों ने हाथ से बुने जाल और लौकी से बने बर्तन जैसे केवल पारंपरिक समानों का इस्तेमाल किया। कुछ ने अपने कौशल का प्रदर्शन करने के लिए केवल हाथों से ही मछली पकड़ी।
इस साल के विजेता ने 59 किलोग्राम की क्रोकर मछली पकड़ी। प्रतियोगिता के विजेता को नकद इनाम दिया जाता है, जबकि बाकी प्रतिभागी अपनी पकड़ी मछलियां बेचते हैं, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिलता है।
साल के बाकी समय इस नदी में किसी को जाने की अनुमति नहीं होती और इसकी देखरेख एक पदवीधारी प्रमुख करते हैं, जिन्हें ‘सरकिन रुवा’ यानी पानी का मुखिया कहा जाता है।
मछली पकड़ने की प्रतियोगिता वार्षिक अंतरराष्ट्रीय मछली पकड़ने के उत्सव का समापन था। पर्व के दौरान पारंपरिक कुश्ती , संगीत और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी पेश किए गए।
मछली पकड़ने का यह उत्सव एकता का प्रतीक माना जाता है और दशकों तक आयोजित किया गया, लेकिन बुनियादी समस्याओं और नाइजीरिया के उत्तरी क्षेत्र में बढ़ती असुरक्षा के कारण 2010 में इसे रोक दिया गया था। यह उत्सव 2020 में फिर से शुरू हुआ, लेकिन इसे फिर रोक दिया गया।
नाइजीरिया एक जटिल सुरक्षा संकट का सामना कर रहा है खासकर उत्तरी नाइजीरिया में जहां वर्षों से हमले में हजारों लोग मारे गए हैं। इन हमलों के लिए इस्लामी विद्रोही समूहों और आपराधिक सशस्त्र समूहों के लड़ाकों को जिम्मेदार ठहराया गया है। अब ये हमले दक्षिणी क्षेत्र में भी हो रहे हैं।
एपी खारी शोभना
शोभना

Facebook


