प्रधानमंत्री मोदी ने एससीओ नेताओं के साथ विश्व ‘नोमैड’ खेल के उद्घाटन समारोह में भाग लिया
प्रधानमंत्री मोदी ने एससीओ नेताओं के साथ विश्व ‘नोमैड’ खेल के उद्घाटन समारोह में भाग लिया
बिश्केक, 31 अगस्त (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को किर्गिस्तान की राजधानी में विश्व ‘नोमैड’ खेल के उद्घाटन समारोह में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान समेत शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के कई नेताओं के साथ भाग लिया।
विश्व ‘नोमैड’ खेल का छठा संस्करण किर्गिस्तान में 31 अगस्त से छह सितंबर तक आयोजित किया जा रहा है।
शंघाई सहयोग संगठन शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए किर्गिस्तान पहुंचे मोदी ने उद्घाटन समारोह में भाग लिया और खेलों में हिस्सा ले रहे भारतीय दल से मुलाकात की।
मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘बिश्केक में विश्व नोमैड खेलों के उद्घाटन समारोह में शामिल हुआ। भारतीय दल को मेरी शुभकामनाएं।’’
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एससीओ के अन्य नेताओं के साथ बिश्केक में छठे विश्व नोमैड खेलों के आधिकारिक उद्घाटन समारोह में हिस्सा लिया।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हर दो साल में होने वाला यह आयोजन घुमंतू सभ्यताओं की समृद्ध खेल परंपराओं, संस्कृति और विरासत का उत्सव मनाता है तथा साझा संस्कृति के जीवंत उत्सव में विभिन्न देशों को एक साथ लाता है।’’
इन खेलों में 100 से अधिक देशों के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।
भारतीय दल में 87 सदस्य हैं, जिनमें 73 खिलाड़ी हैं।
समारोह में शामिल होने वाले अन्य नेताओं में तुर्किये के राष्ट्रपति तैय्यब अर्दोआन, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ, कजाखस्तान के राष्ट्रपति कासिम-जोमार्ट तोकायेव और बेलारूस के राष्ट्रपति एलेक्जेंडर लुकाशेंको शामिल थे।
भाषा जितेंद्र अविनाश
अविनाश

Facebook


