प्रधानमंत्री मोदी नॉर्वे की यात्रा समाप्त करने के बाद इटली के लिए रवाना हुए
प्रधानमंत्री मोदी नॉर्वे की यात्रा समाप्त करने के बाद इटली के लिए रवाना हुए
ओस्लो, 19 मई (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मंगलवार को नॉर्वे की अपनी यात्रा समाप्त करने के बाद इटली के लिए रवाना हो गए।
भारत और नॉर्डिक देशों ने स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल बदलाव, व्यापार और निवेश तथा समुद्री अर्थव्यवस्था (ब्लू इकोनॉमी) जैसे क्षेत्रों में सहयोग को मजबूत करने के लिए अपने संबंधों को हरित प्रौद्योगिकी एवं नवाचार रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक बढ़ाने का निर्णय लिया।
प्रधानमंत्री मोदी द्वारा यहां नॉर्डिक देशों के अपने समकक्षों के साथ वार्ता के दौरान यह फैसला लिया गया।
मोदी इटली की अपनी समकक्ष जॉर्जिया मेलोनी के निमंत्रण पर इटली की यात्रा पर जा रहे हैं।
मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘नॉर्वे की एक बेहद सार्थक यात्रा का समापन हो रहा है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मैंने प्रधानमंत्री जोनास गहर स्टोर के साथ सार्थक वार्ता की और भारत-नॉर्डिक शिखर सम्मेलन में भाग लिया, जहां कई क्षेत्रों में सहयोग को और गहरा करने के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। मैं नॉर्वे के लोगों, प्रधानमंत्री स्टोर और नॉर्वे सरकार को उनके स्नेह और मित्रता के लिए धन्यवाद देता हूं।’’
मोदी ने मंगलवार को आइसलैंड, फिनलैंड और डेनमार्क के अपने समकक्षों के साथ अलग-अलग बैठकों के दौरान स्वच्छ ऊर्जा, व्यापार, सतत विकास और डिजिटलीकरण जैसे क्षेत्रों में द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की।
आइसलैंड की प्रधानमंत्री क्रिस्ट्रन फ्रॉस्टडॉटिर, फिनलैंड के प्रधानमंत्री पेटेरी ओर्पो और डेनमार्क की प्रधानमंत्री मेटे फ्रेडरिक्सन के साथ अपनी बातचीत के दौरान, प्रधानमंत्री मोदी ने भारत और तीनों नॉर्डिक देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों की समग्र दिशा पर चर्चा की।
प्रधानमंत्री मोदी को सोमवार को नॉर्वे के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘ग्रैंड क्रॉस ऑफ द रॉयल नॉर्वेजियन ऑर्डर ऑफ मेरिट’ से सम्मानित किया गया था।
प्रधानमंत्री ने सोमवार को ओस्लो के शाही महल में नॉर्वे के महाराजा हेराल्ड पंचम से मुलाकात की थी और भारत में तेजी से हो रहे बदलावों तथा नॉर्वे के व्यवसायों के लिए देश में उभरते अवसरों का जिक्र किया था।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘प्रधानमंत्री मोदी ओस्लो की सफल यात्रा के बाद रवाना हो गए हैं, जिसमें कई महत्वपूर्ण निर्णय शामिल हैं और भारत-नॉर्वे साझेदारी में एक नया अध्याय खुला है।’’
मोदी की पांच देशों की यात्रा के अगले चरण में वह इटली जा रहे हैं, जहां वह राष्ट्रपति सर्जियो मैटारेला से मुलाकात करेंगे और प्रधानमंत्री मेलोनी के साथ बातचीत करेंगे।
भाषा
देवेंद्र माधव
माधव

Facebook


