प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने डच समकक्ष जेटेन के साथ व्यापार, निवेश पर चर्चा की

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने डच समकक्ष जेटेन के साथ व्यापार, निवेश पर चर्चा की

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने डच समकक्ष जेटेन के साथ व्यापार, निवेश पर चर्चा की
Modified Date: May 17, 2026 / 12:14 am IST
Published Date: May 17, 2026 12:14 am IST

(तस्वीरों के साथ)

हेग, 16 मई (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को अपने डच समकक्ष रॉब जेटेन के साथ व्यापार, निवेश और महत्वपूर्ण प्रौद्योगिकियों पर केंद्रित व्यापक वार्ता की।

मोदी शुक्रवार को अपने पांच देशों के दौरे के दूसरे चरण के तहत नीदरलैंड पहुंचे। 2017 में नीदरलैंड की यात्रा के बाद यह उनकी दूसरी यात्रा है।

जेटेन के साथ द्विपक्षीय वार्ता से पहले, मोदी ने ऊर्जा, बंदरगाह, स्वास्थ्य, कृषि व्यापार और प्रौद्योगिकी जैसे विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख डच कंपनियों के प्रमुख मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) के साथ चर्चा की।

मोदी ने डच कंपनियों को भारत में, विशेष रूप से समुद्री क्षेत्र, नवीकरणीय ऊर्जा, डिजिटल प्रौद्योगिकी, सेमीकंडक्टर, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और स्वास्थ्य सेवा क्षेत्रों में अवसरों का लाभ उठाने आमंत्रित किया।

उन्होंने उनसे कहा, “हम अनुपालन को लगातार कम कर रहे हैं और कारोबार सुगमता बढ़ा रहे हैं। हमने हाल में कराधान, श्रम संहिता और शासन में अगली पीढ़ी के सुधार किए हैं।”

मोदी ने कहा कि भारत में विनिर्माण क्षेत्र बहुत ही लागत प्रभावी होता जा रहा है और सेवा क्षेत्र में यह अपनी प्रतिभा के बल पर दक्षता और नवाचार का इंजन बन गया है।

उन्होंने कहा, “हम आप सभी को भारत में डिजाइन और नवाचार करने के लिए आमंत्रित करते हैं। इसके लिए आज से बेहतर समय कोई नहीं हो सकता।”

प्रधानमंत्री ने कहा, “आज का भारत विशालता और स्थिरता का प्रतीक है। विशालता के मामले में, हम दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था और दुनिया का सबसे बड़ा प्रतिभा भंडार भी हैं। बुनियादी ढांचा हो, स्वच्छ ऊर्जा हो या संपर्कता – दुनिया में कोई भी भारत की गति का मुकाबला नहीं कर सकता।”

उन्होंने कहा, “स्थिरता के विषय पर, मैंने विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र के प्रधानमंत्री के रूप में 12 वर्ष पूरे कर लिए हैं। इन 12 वर्षों में, निरंतर सुधारों के माध्यम से, हमने अपने आर्थिक स्वरूप को बदल दिया है। हमारी दिशा स्पष्ट रही है – निजी क्षेत्र को नीतिगत पूर्वानुमान प्रदान करना और उनके लिए अवसरों को बढ़ाना।”

मोदी ने कहा कि उनकी सरकार ने निजी क्षेत्र के लिए हर सेक्टर के दरवाजे खोल दिए हैं, चाहे वह अंतरिक्ष हो, खनन हो या परमाणु ऊर्जा।

द्विपक्षीय बैठक से पहले, दोनों नेताओं की उपस्थिति में एएसएमएल और टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स के बीच एक समझौते पर हस्ताक्षर किए गए।

दोनों प्रधानमंत्रियों ने भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) को जल्द से जल्द लागू करने का आह्वान भी किया।

इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने रॉयल पैलेस में नीदरलैंड के राजा विलेम-अलेक्जेंडर तथा रानी मैक्सिमा से मुलाकात की और डिजिटल प्रौद्योगिकी, नवाचार, फिनटेक एवं समुद्री अर्थव्यवस्था में घनिष्ठ सहयोग पर चर्चा की।

प्रधानमंत्री नीदरलैंड से 17 से 18 मई तक दो दिवसीय यात्रा के लिए स्वीडन जाएंगे।

भाषा

प्रशांत राजकुमार

राजकुमार


लेखक के बारे में