ईरान-इजराइल संघर्ष पर रिपब्लिकन ने ट्रंप का समर्थन किया

ईरान-इजराइल संघर्ष पर रिपब्लिकन ने ट्रंप का समर्थन किया

ईरान-इजराइल संघर्ष पर रिपब्लिकन ने ट्रंप का समर्थन किया
Modified Date: March 5, 2026 / 10:10 am IST
Published Date: March 5, 2026 10:10 am IST

वाशिंगटन, पांच मार्च (एपी) अमेरिकी सीनेट में रिपब्लिकन सदस्यों ने ईरान युद्ध को रोकने के उद्देश्य से बुधवार को लाए गए एक प्रस्ताव पर मतदान कर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का समर्थन किया, जो युद्ध को लेकर शुरुआती समर्थन का संकेत है।

युद्ध लड़ने के खिलाफ प्रस्ताव 53 के मुकाबले 47 मत से गिर गया। मतदान अधिकतर पार्टी लाइन के अनुसार हुआ। केंटुकी के रिपब्लिकन सीनेटर रैंड पॉल ने इसके पक्ष में और पेंसिल्वेनिया के डेमोक्रेट सीनेटर जॉन फेट्टरमैन ने इसके विरोध में मतदान किया।

मतदान के दौरान डेमोक्रेटिक सीनेटर अपनी अपनी सीट पर बैठे नजर आए जो इस महत्वपूर्ण क्षण की गंभीरता को रेखांकित करता है। आम तौर पर, सीनेटर अपना वोट डालने के लिए कक्ष में आते हैं और फिर चले जाते हैं।

मतदान से पहले सीनेट के डेमोक्रेटिक नेता चक शूमर ने कहा, ‘‘आज हर सीनेटर – एक पक्ष चुनेगा।’’

उन्होंने कहा, ‘‘क्या आप उन अमेरिकी लोगों के साथ खड़े हैं जो पश्चिम एशिया में जारी अंतहीन युद्धों से थक चुके हैं या आप डोनाल्ड ट्रंप और पीट हेगसेथ के साथ खड़े हैं जो हमें एक और युद्ध की ओर धकेल रहे हैं?’’

सीनेट में रिपब्लिकन नेतृत्व में दूसरे स्थान के नेता सीनेटर जॉन बैरासो ने चर्चा के दौरान कहा कि रिपब्लिकन सीनेटर यह संदेश दे रहे हैं कि युद्ध शक्तियों के प्रस्ताव पर मतदान कराने के लिए डेमोक्रेट का दबाव गलत है।

उन्होंने कहा, ‘‘डेमोक्रेट ईरान के राष्ट्रीय परमाणु कार्यक्रम को नष्ट करने के बजाय डोनाल्ड ट्रंप के काम में बाधा डालना ज्यादा पसंद करेंगे।’’

रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने बुधवार को कहा था कि युद्ध आठ सप्ताह तक चल सकता है, जो कि ट्रंप प्रशासन द्वारा पहले बताए गए समय से अधिक है। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि अमेरिका द्वारा ईरान के हवाई क्षेत्र को नियंत्रित करने के प्रयासों के बावजूद ईरान अब भी मिसाइल हमले करने में सक्षम है।

ज्वाइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ के अध्यक्ष जनरल डैन केन ने कहा, ‘‘अमेरिकी सैनिक अब भी खतरे में हैं और हमें यह स्पष्ट रूप से समझना होगा कि जोखिम अब भी बहुत अधिक है।’’

पिछले सप्ताहांत कुवैत में ड्रोन हमले में छह अमेरिकी सैनिक मारे गए।

आयोवा की रिपब्लिकन सीनेटर जोनी अर्न्स्ट ने अपने भाषण में युद्ध के मानवीय नुकसान को स्वीकार किया। रविवार को मारे गए सैनिकों में से एक आयोवा का था और दिसंबर में सीरिया में उनके राज्य की एक नेशनल गार्ड यूनिट पर भी हमला हुआ था, जिसमें दो अन्य सैनिक मारे गए थे।

अर्न्स्ट स्वयं दो दशकों तक आयोवा नेशनल गार्ड में अधिकारी के रूप में सेवा दे चुकी हैं। उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन अब हमारे पास दशकों से जारी अराजकता को समाप्त करने का अवसर है। जितनी जल्दी हो उतना अच्छा है।’’

एपी सुरभि वैभव

वैभव


लेखक के बारे में