ढाका, 23 अगस्त (भाषा) बांग्लादेश के रंगपुर शहर में स्कूल के एक सेवानिवृत्त हिंदू शिक्षक, उनकी पत्नी और दो बच्चों की उनके आवास पर कथित तौर पर हत्या कर दी गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
‘डेली स्टार’ अखबार की खबर के अनुसार, मृतकों की पहचान गणपति चक्रवर्ती (65), प्रीतिलता चक्रवर्ती (50), अगामी चक्रवर्ती प्रार्थी (23) और प्रियम चक्रवर्ती (12) के रूप में हुई है।
पुलिस ने हत्याओं में कथित संलिप्तता के आरोप में मुग्धो और सिद्धार्थ नाम के दो लोगों को हिरासत में लिया है। दोनों आपस में चचेरे भाई हैं।
रंगपुर मेट्रोपॉलिटन पुलिस के आयुक्त मोहम्मद अब्दुल माबूद ने रविवार को मीडिया को बताया कि दोनों आरोपी बृहस्पतिवार रात बगल की इमारत के रास्ते चक्रवर्ती के घर की छत पर पहुंचे और वहां मादक पदार्थ ‘याबा’ का सेवन किया।
अधिकारी के अनुसार, आवाज सुनकर गणपति चक्रवर्ती छत पर गए और वहां मौजूद दोनों लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने बताया कि खुद के पकड़े जाने से बचने के लिए आरोपियों ने चक्रवर्ती के कंधे पर रखे गमछे से उनका गला घोंट दिया।
अधिकारी ने बताया कि शोर सुनकर चक्रवर्ती की पत्नी ऊपर गईं, जहां आरोपियों ने कथित तौर पर सीढ़ियों पर कपड़े के एक टुकड़े से उनका भी गला घोंट दिया। पुलिस ने बताया कि घटना के दौरान दंपति की बेटी और बेटे की भी हत्या कर दी गई।
रंगपुर शहर के दासपाड़ा इलाके में स्थित परिवार के बंद मकान से शुक्रवार रात करीब 11:30 बजे चारों सदस्यों के शव बरामद किए गए।
पुलिस ने बताया कि परिवार की किसी के साथ कोई ज्ञात दुश्मनी या विवाद नहीं था।
भाषा आशीष नरेश
नरेश