रूस और ईरान नफरत के मामले में भाई-भाई हैं, यूक्रेन को न भूलें सहयोगी देश: जेलेंस्की
रूस और ईरान नफरत के मामले में भाई-भाई हैं, यूक्रेन को न भूलें सहयोगी देश: जेलेंस्की
लंदन, 18 मार्च (एपी) यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने मंगलवार को रूस और ईरान को ‘‘नफरत के मामले में भाई-भाई’’ बताया और ब्रिटेन के प्रधानमंत्री केअर स्टार्मर से ऐसे वक्त में समर्थन मांगा जब पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के कारण अमेरिका की मध्यस्थता वाली रूस-यूक्रेन शांति वार्ता की रफ्तार धीमी पड़ गयी है।
जेलेंस्की ने देश के सहयोगियों से अपील की कि वे यूक्रेन को न भूलें और सुझाव दिया कि अमेरिका एवं अन्य देश पश्चिम एशिया के संघर्ष में यूक्रेन की ड्रोन रोधी प्रौद्योगिकी का उपयोग कर सकते हैं। पश्चिम एशिया में जारी युद्ध ने तेल राजस्व में वृद्धि के माध्यम से रूस की सुस्त अर्थव्यवस्था में फिर से जान फूंक दी है।
ब्रिटेन की संसद में जेलेंस्की ने कहा, ‘‘रूस और ईरान की सरकारें नफरत के मामले में भाई-भाई हैं और इसीलिए वे हथियारों के मामले में भी भाई-भाई हैं। हम चाहते हैं कि नफरत पर आधारित सरकारें कभी किसी भी चीज में जीत हासिल न कर सकें।’’
लंदन में 10 डाउनिंग स्ट्रीट में जेलेंस्की से बातचीत के दौरान स्टार्मर ने कहा कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को ईरान संघर्ष से लाभ नहीं मिलना चाहिए, चाहे वह तेल कीमतों में बढ़ोतरी हो या प्रतिबंधों में ढील।
यह बैठक ऐसे समय हुई जब अमेरिका ने वैश्विक आपूर्ति के दबाव को कम करने के लिए रूसी तेल पर कुछ प्रतिबंध अस्थायी रूप से हटा दिए।
जेलेंस्की और कुछ अन्य यूरोपीय नेताओं ने अमेरिका के इस कदम की आलोचना करते हुए कहा कि इससे मॉस्को को आर्थिक लाभ मिलेगा।
जेलेंस्की ने बकिंघम पैलेस में महाराजा चार्ल्स तृतीय से भी मुलाकात की और ब्रिटिश संसद में ड्रोन एवं एआई प्रौद्योगिकी के उपयोग पर जोर दिया।
एपी गोला सिम्मी
सिम्मी

Facebook


