रूसी जनरल पर हमले को लेकर एक संदिग्ध हिरासत में : रूस
रूसी जनरल पर हमले को लेकर एक संदिग्ध हिरासत में : रूस
मास्को, आठ फरवरी (एपी) रूस की संघीय सुरक्षा सेवा ने रविवार को कहा कि मॉस्को में रूस की सैन्य खुफिया एजेंसी के उप प्रमुख को गोली मारने के मामले में एक संदिग्ध व्यक्ति को दुबई में हिरासत में लिया गया और बाद में उसे रूस को सौंप दिया गया।
जांच समिति की प्रवक्ता स्वेतलाना पेट्रेंको ने बताया कि लेफ्टिनेंट जनरल व्लादिमीर अलेक्सेयेव को शुक्रवार को उत्तर पश्चिमी मॉस्को के एक अपार्टमेंट भवन में एक हमलावर ने कई गोली मारी जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।
संघीय सुरक्षा सेवा (एफएसबी) ने बताया कि रूसी नागरिक ल्युबोमिर कोरबा को दुबई में गोलीबारी करने के संदेह में हिरासत में लिया गया है।
एफएसबी ने अपनी वेबसाइट पर एक बयान में कहा कि उसने उसके दो ‘‘सहयोगियों’’ की भी पहचान की है, जिनमें से एक को मॉस्को में हिरासत में लिया गया था और दूसरा ‘‘यूक्रेन के लिए रवाना हो गया था।’’
गोलीबारी के बारे में पूछे जाने पर, रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने शुक्रवार को कहा कि जांच को आगे बढ़ाना कानून प्रवर्तन एजेंसियों पर निर्भर होगा, लेकिन उन्होंने इसे यूक्रेन द्वारा शांति वार्ता को पटरी से उतारने के इरादे से किया गया एक स्पष्ट ‘‘आतंकवादी कृत्य’’ बताया।
रूस के आरोपों पर टिप्पणी के अनुरोध पर कीव से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।
गोलीबारी की यह घटना रूस, यूक्रेन और अमेरिका के वार्ताकारों द्वारा संयुक्त अरब अमीरात के अबू धाबी में दो दिनों की वार्ता समाप्त करने के एक दिन बाद हुई, जिसका उद्देश्य यूक्रेन में लगभग चार साल से जारी युद्ध को समाप्त करना था।
एपी देवेंद्र नरेश
नरेश

Facebook


