रूस ने यूक्रेन पर करीब 400 ड्रोन दागे, चार लोगों की मौत, कम से कम 27 लोग घायल
रूस ने यूक्रेन पर करीब 400 ड्रोन दागे, चार लोगों की मौत, कम से कम 27 लोग घायल
कीव, 24 मार्च (एपी) रूस की ओर से यूक्रेन के नागरिक इलाकों पर किए गए ड्रोन और मिसाइल हमलों में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि कम से कम 27 लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
मॉस्को की सेना ने यूक्रेनी अग्रिम पंक्ति की रक्षा पंक्ति को भेदने के प्रयासों को तेज कर दिया है, जो वसंत ऋतु में होने वाले संभावित जमीनी आक्रमण की शुरुआत हो सकती है।
यूक्रेन की वायुसेना के अनुसार, रूस ने रात भर में लगभग 400 लंबी दूरी के ड्रोन दागे, जो हाल के हफ्तों में सबसे बड़ा हमला है। यह हमला मंगलवार सुबह तक जारी रहा, जब दिन के उजाले में भी कई ड्रोन ने राजधानी कीव को निशाना बनाया।
यूक्रेन की वायुसेना ने बताया कि इसके अलावा, रूस ने रात में 23 क्रूज मिसाइल और सात बैलिस्टिक मिसाइलें भी दागीं, जिनसे देशभर में कम से कम 10 स्थान प्रभावित हुए।
चार साल से भी अधिक समय पहले रूस द्वारा अपने पड़ोसी देश पर पूर्ण पैमाने पर आक्रमण शुरू करने के बाद से यूक्रेनी नागरिक लगातार बमबारी का सामना कर रहे हैं।
पिछले एक साल में अमेरिका की मध्यस्थता में मॉस्को और कीव के बीच हुई वार्ताओं से कोई राहत नहीं मिली है। रूस ने यूक्रेन के युद्धविराम प्रस्ताव को खारिज कर दिया है, वहीं हाल के हफ्तों में ईरान से जुड़े संघर्ष ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय के ध्यान को यूक्रेन से हटा दिया है।
पूर्वी और दक्षिणी यूक्रेन में फैली लगभग 1,250 किलोमीटर लंबी अग्रिम पंक्ति पर तैनात यूक्रेनी सैनिक बेहतर मौसम के साथ रूस के नए हमले के लिए तैयार हैं।
यूक्रेन के सशस्त्र बलों के प्रमुख जनरल ओलेक्सांद्र सिरस्की ने कहा कि हाल के दिनों में रूसी सैनिकों ने कई रणनीतिक क्षेत्रों में एक साथ रक्षा पंक्तियों को तोड़ने की कोशिश की है।
एपी रवि कांत रवि कांत सुरेश
सुरेश

Facebook


