रूस का क्रीमिया से संपर्क काटने के लिए एक रेल पुल को निशाना बनाया : यूक्रेन

रूस का क्रीमिया से संपर्क काटने के लिए एक रेल पुल को निशाना बनाया : यूक्रेन

रूस का क्रीमिया से संपर्क काटने के लिए एक रेल पुल को निशाना बनाया : यूक्रेन
Modified Date: June 24, 2026 / 03:16 pm IST
Published Date: June 24, 2026 3:16 pm IST

कीव, 24 जून (एपी) यूक्रेन ने दावा किया है कि उसकी सेना ने रूसी कब्जे वाले क्रीमिया में एक रेलवे पुल, एक ऊर्जा संयंत्र और दूसरे अहम आधारभूत ढांचों को निशाना बनाया है ताकि चार साल से जारी इस युद्ध के नए चरण में रूस का संपर्क उसके कब्जे वाले इस अहम प्रायद्वीप से काटा जा सके।

यूक्रेन ने दावा किया कि मंगलवार को किये गए ड्रोन हमलों में काला सागर से घिरे इस प्रायद्वीप की मुश्किलें बढ़ गई है। यूक्रेन की सेना के मुताबिक प्रायद्वीप में रूसी अधिकारियों को आम लोगों के लिए पेट्रोल की बिक्री रोकनी पड़ी है, क्योंकि कीव ने गर्मियों के पर्यटन सत्र के दौरान आपूर्ति श्रृंखला और बिजली ग्रिड बाधित करने के अपने अभियान को तेज कर दिया है।

रूस ने 2014 में सैन्य कार्रवाई कर इस प्रायद्वीप को अपने नियंत्रण में लेकर देश में मिला लिया था

पश्चिमी देशों के जानकारों और अधिकारियों का कहना है कि यूक्रेन द्वारा लंबी दूरी तक मार करने वाले हथियारों के बढ़ते इस्तेमाल से रूस को भारी नुकसान पहुंचाने की उसकी क्षमता उजागर हुई है और क्रेमलिन पर अतिरिक्त दबाव पड़ा है, जबकि हाल के दिनों में मॉस्को की आगे बढ़ने की रफ्तार लगभग थम गई है।

यूक्रेन के रक्षा मंत्री मिखाइलो फेदोरोव ने पिछले हफ्ते कहा था कि उनकी सेनाएं ‘‘ड्रोन के ज़रिए क्रीमिया को अलग-थलग कर रही हैं।’’

उन्होंने एक ब्लॉगर के यूट्यूब चैनल से बातचीत में कहा, ‘‘ऐसा लगता है कि जल्द ही क्रीमिया एक द्वीप बन जाएगा। इससे रूसियों के लिए बहुत अप्रत्याशित नतीजे सामने आ सकते हैं।’’

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा कि उनके देश को आगाह किया गया है कि यूक्रेन ऊर्जा आपूर्ति और रूस के पर्यटन उद्योग को बाधित करना चाहता है। उन्होंने यह नहीं बताया कि यह चेतावनी किसने दी थी।

पुतिन ने कहा कि यूक्रेनी ड्रोन ‘‘बड़ी संख्या में आ रहे हैं’’ और रूसी समाज को ‘‘अस्थिर’’ करने की कोशिश कर रहे हैं।

रूस की समाचार एजेंसी तास के मुताबिक देश के उप-प्रधानमंत्री अलेक्जेंडर नोवाक ने मंगलवार को पुतिन को बताया कि अधिकारी देश के वाहन चालकों को राहत देने के लिए डीजल के निर्यात पर रोक लगाने पर विचार कर रहे हैं। इसके साथ ही, जेट फ़्यूल और गैसोलीन के निर्यात पर पहले से लगी रोक भी जारी रहेगी। नोवाक ने यह भी कहा कि तेल शोधन कारखानों में पूर्वनिर्धारित रखरखाव के काम को भी टाल दिया गया है।

यूक्रेन के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि ड्रोन से पूर्वी क्रीमिया में केर्च ताप विद्युत संयंत्र के तेल भंडार डिपो को, पश्चिम में एक विद्युत उपकेंद्र को और प्रायद्वीप के दूसरे सबसे बड़े शहर सिम्फ़रोपोल में तरल प्राकृतिक गैस वितरण केंद्र को भी निशाना बनाया गया।

इसके अलावा, यूक्रेन के विशेष अभियान बल ने कहा कि उसकी इकाइयों ने क्रीमिया में प्रतिरोध करने वालों के साथ मिलकर रोजडोलने गांव के पास उत्तरी क्रीमियाई नहर पर बने एक रेल पुल को नष्ट कर दिया।

यूक्रेन की सेना ने इस पुल को दक्षिणी यूक्रेन में रूसी सेना की आपूर्ति के लिए एक अहम रास्ता बताया और कहा कि रविवार-सोमवार की दरमियानी रात को किये गए ड्रोन हमलों में इसका एक हिस्सा ढह गया।

यूक्रेनियाई सेना ने टेलीग्राम पर पर बताया कि मंगलवार तड़के किये गए दूसरे हमले में पुल और उसके बचे हुए हिस्सों पर तैनात रेलवे मरम्मत के उपकरणों को निशाना बनाया गया।

यूक्रेन के दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकती है। वहीं रूस के अधिकारियों ने इन दावों पर तत्काल कोई टिप्पणी नहीं की।

एपी धीरज नरेश

नरेश


लेखक के बारे में