उत्तर-पश्चिम पाकिस्तान में दो धमाकों में सात लोगों की मौत, तीन लोग घायल
उत्तर-पश्चिम पाकिस्तान में दो धमाकों में सात लोगों की मौत, तीन लोग घायल
पेशावर, 20 जून (भाषा) पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में शनिवार को सड़क किनारे हुए दो विस्फोटों में कम से कम सात लोगों की मौत हो गई जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि अब तक किसी भी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।
ये विस्फोट बन्नू जिले के मरका बेरा इलाके में हुए।
बन्नू के जिला पुलिस अधिकारी यासिर अफरीदी के अनुसार, पहला विस्फोट सड़क किनारे लगाए गए एक आईईडी में हुआ और इसकी चपेट में आई एक यात्री वैन में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि इसके कुछ देर बाद उसी स्थान पर दूसरा विस्फोट हुआ, जिसमें बचाव कार्य में जुटे लोग शिकार हो गये।
दूसरे विस्फोट में दो लोगों की मौत हो गई जबकि एक वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया।
अधिकारी ने बताया कि घायलों और शवों को पास के अस्पताल ले जाया गया तथा घटना की जांच शुरू कर दी गई है।
अधिकारियों ने बताया कि यात्री वैन हथी खेल गांव से बन्नू शहर की ओर जा रही थी कि तभी वह विस्फोट की चपेट में आ गई।
सुरक्षा बलों और कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने इलाके की घेराबंदी कर दी है तथा विस्फोट स्थल से सबूत जुटाने का काम शुरू कर दिया है।
खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री सोहेल अफरीदी ने इस घटना की कड़ी निंदा की और पुलिस अधिकारियों को इस मामले पर विस्तृत रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया।
उन्होंने विस्फोटों से जुड़ी परिस्थितियों की गहन जांच के भी आदेश दिए। मुख्यमंत्री ने इन विस्फोटों को ‘बेहद दुखद’ और ‘दिल दहला देने वाली’ घटना बताते हुए मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की तथा उन्हें भरोसा दिलाया कि इस कठिन समय में प्रांतीय सरकार हर संभव सहायता प्रदान करेगी।
भाषा जितेंद्र रंजन
रंजन

Facebook


