सीरिया के अंतरिम राष्ट्रपति ने 70 सांसदों को किया नामित

सीरिया के अंतरिम राष्ट्रपति ने 70 सांसदों को किया नामित

सीरिया के अंतरिम राष्ट्रपति ने 70 सांसदों को किया नामित
Modified Date: July 1, 2026 / 09:08 pm IST
Published Date: July 1, 2026 9:08 pm IST

दमिश्क, एक जुलाई (एपी) सीरिया में बशर अल असद शासन के बाद के दौर की पहली संसद के गठन की दिशा में अंतरिम राष्ट्रपति अहमद अल शर्रा द्वारा नामित 70 सांसदों की सूची बुधवार को जारी की गई।

देश एक ओर असद परिवार के दशकों लंबे कठोर शासन से उबरने की कोशिश कर रहा है, तो दूसरी ओर उस विनाशकारी युद्ध के प्रभावों से भी जूझ रहा है, जिसमें लगभग पांच लाख लोगों की जान चली गई थी।

सीरिया की चुनाव समिति के प्रमुख मोहम्मद ताहा अल-अहमद ने पत्रकारों को बताया कि 210-सदस्यीय नयी संसद की पहली बैठक सोमवार को होगी। इस दौरान सांसद शपथ ग्रहण करेंगे और संसद की अध्यक्षीय परिषद का चुनाव किया जाएगा।

अंतरिम राष्ट्रपति द्वारा नामित 70 सांसदों की सूची में 15 महिलाएं भी शामिल हैं। इसके साथ ही संसद में महिला सदस्यों की कुल संख्या बढ़कर 22 हो गई है।

सीरिया में अक्टूबर में संसदीय चुनावों का पहला चरण आयोजित किया गया था, लेकिन दक्षिणी प्रांत स्वेइदा को इस प्रक्रिया से बाहर रखा गया था। यह क्षेत्र केंद्र सरकार का विरोध करने वाले ड्रूज़ सशस्त्र समूहों के नियंत्रण में है।

अल-अहमद के अनुसार, नयी संसद का कार्यकाल 30 महीने का होगा। इस अवधि में वह नए चुनाव कानून का मसौदा तैयार करने पर काम करेगी और अगले चुनावों में प्रत्यक्ष जनमत आधारित मतदान की व्यवस्था के लिए आवश्यक आधार तैयार करेगी।

एपी आशीष सुरेश

सुरेश


लेखक के बारे में