सिंगापुर में तमिल समाचार प्रस्तोता पावलाकंथम को ‘लाइफटाइम अचीवमेंट’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया
सिंगापुर में तमिल समाचार प्रस्तोता पावलाकंथम को ‘लाइफटाइम अचीवमेंट’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया
(गुरदीप सिंह)
सिंगापुर, नौ फरवरी (भाषा) सिंगापुर की समाचार प्रस्तोता पावलाकंथम अजहागरसामी को देश में तमिल प्रसारण पत्रकारिता में उनके योगदान के लिए मीडियाकॉर्प के ‘प्रधान विझा 2026’ में ‘लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया है।
यह प्रतिष्ठित पुरस्कार तमिल प्रसारण पत्रकारिता में उनके असाधारण योगदान को मान्यता देता है। उनका करियर चार दशकों से भी अधिक समय का है और उन्होंने सिंगापुर के मीडिया जगत पर अमिट छाप छोड़ी है।
सिंगापुर के सरकारी स्वामित्व वाले मीडिया समूह ‘मीडियाकॉर्प’ ने रविवार को जारी एक समाचार विज्ञप्ति में बताया कि यह पुरस्कार वार्षिक समारोह के 21वें संस्करण के दौरान प्रदान किया गया जो सिंगापुर के भारतीय मनोरंजन जगत में उत्कृष्टता को सम्मानित करता है।
सिंगापुर के राष्ट्रीय मीडिया नेटवर्क ने कहा, ‘‘एक सम्मानित समाचार प्रस्तोता, मार्गदर्शक और उद्योग की मजबूत स्तंभ के रूप में चार दशकों से अधिक लंबे करियर में पावलाकंथम ने उल्लेखनीय भूमिका निभाई है। वह आज भी रेडियो और टेलीविजन उद्योग में तमिल मीडिया पेशेवरों की नयी पीढ़ियों का मार्गदर्शन करती हैं।’’
शनिवार को मीडियाकॉर्प के थिएटर में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदर्शन और कार्यक्रम श्रेणियों के तहत कुल 19 पुरस्कार दिए गए। इसमें टेलीविजन, ऑडियो और डिजिटल सामग्री में उत्कृष्ट उपलब्धियों का जश्न मनाया गया।
समारोह में हॉरर धारावाहिक ‘करुवनम’ सबसे बड़ा विजेता बनकर उभरा, जिसने सर्वश्रेष्ठ अभिनेता, सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता और सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री सहित कुल पांच पुरस्कार जीते। वहीं रहस्य आधारित धारावाहिक ‘पिथामगन’ को सर्वश्रेष्ठ धारावाहिक सीरीज घोषित किया गया।
दर्शकों ने भी मतदान के जरिए सबसे लोकप्रिय पुरुष और महिला हस्तियों को चुना। दर्शकों का दिल जीतने वाले गुरु और निशा कुमार को प्रशंसकों का पसंदीदा घोषित किया गया।
भाषा गोला सिम्मी
सिम्मी

Facebook


