ट्रंप का दावा: पिछले साल भारत-पाक संघर्ष में 11 लड़ाकू विमान गिरे; विवाद सुलझाने की बात दोहराई
ट्रंप का दावा: पिछले साल भारत-पाक संघर्ष में 11 लड़ाकू विमान गिरे; विवाद सुलझाने की बात दोहराई
वाशिंगटन, नौ जुलाई (भाषा) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत और पाकिस्तान के बीच विवाद सुलझाने के अपने दावे को दोहराते हुए कहा है कि पिछले साल मई में दोनों पड़ोसी देशों के बीच चार दिन के संघर्ष के दौरान 11 लड़ाकू विमान मार गिराए गए थे।
ट्रंप ने ‘एयर फोर्स वन’ (अमेरिकी राष्ट्रपति के विशेष विमान) में बुधवार को बातचीत के दौरान कहा कि भारत और पाकिस्तान के बीच हुए संघर्ष समेत आठ लड़ाइयों को सुलझाने की वजह से वह नोबेल शांति पुरस्कार के लिए किसी भी अन्य व्यक्ति की तुलना में ज्यादा हकदार हैं।
भारत ने किसी भी तीसरे पक्ष के दखल से लगातार इनकार किया है।
ट्रंप ने दावा किया कि भारत और पाकिस्तान के बीच का टकराव ‘‘परमाणु युद्ध में बदलने वाला था।’’
बिना कोई विवरण दिए अमेरिकी राष्ट्रपति ने दावा किया कि भारत-पाकिस्तान संघर्ष के दौरान ‘‘11 विमान मार गिराए गए थे।’’ हालांकि, उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि ये लड़ाकू विमान दोनों में से किस देश के थे या क्या उनका इशारा दोनों पक्षों के कुल नुकसान की ओर था।
भारत का कहना है कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान भारतीय हमलों में पाकिस्तान के एफ-16 लड़ाकू विमानों सहित कम से कम एक दर्जन सैन्य विमान नष्ट हो गए या क्षतिग्रस्त हुए।
ट्रंप ने कहा कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने भारत-पाकिस्तान संघर्ष रूकवाकर तीन से पांच करोड़ लोगों की जान बचाने का श्रेय उन्हें (ट्रंप को) दिया। ट्रंप ने कहा, ‘‘यकीन मानिए, यह संख्या इससे कहीं अधिक हो सकती थी।’’
भारत ने पिछले वर्ष सात मई को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ शुरू किया था। यह कार्रवाई पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में पाकिस्तान और उसके नियंत्रण वाले क्षेत्रों में स्थित आतंकवादी ढांचों को निशाना बनाकर की गई थी।
इन हमलों के बाद दोनों देशों के बीच चार दिन तक भीषण सैन्य संघर्ष चला, जो 10 मई को सैन्य कार्रवाई रोकने पर बनी आपसी सहमति के साथ समाप्त हुआ।
तब से, ट्रंप ने कई बार दावा किया है कि उनके दखल के बाद लड़ाई खत्म हुई। वहीं, भारत का कहना है कि दोनों देशों की सेनाओं के बीच सीधे संवाद के बाद सैन्य कार्रवाई रोकने पर सहमति बनी थी और इसमें अमेरिका की कोई मध्यस्थता नहीं थी।
भाषा आशीष सुरेश
सुरेश

Facebook


