ईरान के ऊर्जा संयंत्रों पर हमले की ट्रंप की चेतावनी पर संयुक्त राष्ट्र प्रमुख ने चिंता जताई
ईरान के ऊर्जा संयंत्रों पर हमले की ट्रंप की चेतावनी पर संयुक्त राष्ट्र प्रमुख ने चिंता जताई
(योषिता सिंह)
संयुक्त राष्ट्र, सात अप्रैल (भाषा) संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतारेस ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस सोशल मीडिया पोस्ट पर “चिंता” जताई है, जिसमें उन्होंने होर्मुज जलडमरूमध्य नहीं खोलने पर ईरान के बिजली संयंत्रों, पुलों और अन्य बुनियादी ढांचे पर हमले की धमकी दी है।
महासचिव के प्रवक्ता स्टीफन दुजारिक ने सोमवार को दैनिक संवाददाता सम्मेलन में कहा, “हां, हम उस सोशल मीडिया पोस्ट से चिंतित हैं, जिसमें समझौता नहीं करने पर ईरान के बिजली संयंत्रों, पुलों और अन्य ढांचे पर हमले की धमकी दी गई है।”
ट्रंप ने रविवार को ‘ट्रुथ सोशल’ पर पोस्ट करते हुए चेतावनी दी थी कि यदि मंगलवार तक हॉर्मुज जलडमरूमध्य नहीं खोला गया, तो ईरान के बिजली संयंत्रों, पुलों और अन्य ढांचों पर बमबारी की जाएगी।
दुजारिक ने कहा कि महासचिव अंतरराष्ट्रीय कानून के मुद्दों पर पहले भी स्पष्ट रुख रख चुके हैं और उन्होंने सभी पक्षों से एक बार फिर अपील की है कि वे संघर्ष के दौरान अपने दायित्वों का पालन करें।
गुतारेस ने दोहराया कि नागरिक बुनियादी ढांचे, खासकर ऊर्जा से जुड़े ढांचे, पर हमला नहीं किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि भले ही कोई ढांचा सैन्य लक्ष्य माना जाए, फिर भी अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानून ऐसे हमलों की अनुमति नहीं देता, जिससे नागरिकों को अत्यधिक नुकसान होने की आशंका हो।
उन्होंने कहा, “महासचिव एक बार फिर दोहराते हैं कि इस संघर्ष को समाप्त करने का समय आ गया है, क्योंकि अंतरराष्ट्रीय विवादों के शांतिपूर्ण समाधान के अलावा कोई विकल्प नहीं है।”
जब उनसे पूछा गया कि क्या ऐसे हमले युद्ध अपराध माने जा सकते हैं, तो दुजारिक ने कहा कि यह अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन होगा।
उन्होंने कहा, “यह अपराध है या नहीं, इसका फैसला अदालत करेगी, लेकिन नागरिक बुनियादी ढांचे पर कोई भी हमला अंतरराष्ट्रीय कानून का स्पष्ट उल्लंघन है।”
भाषा जोहेब संतोष
संतोष

Facebook


