युवा, छात्र भारत और दुनिया के बीच ‘सबसे बड़ा सेतु’ : उच्चायुक्त अंबुले
युवा, छात्र भारत और दुनिया के बीच ‘सबसे बड़ा सेतु’ : उच्चायुक्त अंबुले
सिंगापुर, 22 अगस्त (भाषा) सिंगापुर में भारत के उच्चायुक्त शिल्पक अंबुले ने शनिवार को युवाओं और छात्रों को भारत और दुनिया के बीच ‘‘सबसे बड़ा सेतु’’ बताया।
‘इंडियन स्कॉलर्स एसोसिएशन’ (आईएसए) द्वारा आयोजित ‘द स्ट्रेट्स कनेक्ट’ सम्मेलन में डॉ. अंबुले ने कहा कि सिंगापुर के विश्वविद्यालयों और संस्थानों में पढ़ने वाले भारतीय छात्रों की संख्या ‘‘पिछले तीन-चार वर्षों में बढ़ी है।’’ उन्होंने रेखांकित किया कि इनमें से कुछ छात्रों ने सिंगापुर के साथ-साथ दुनिया के अन्य हिस्सों में भी उद्यमी के रूप में सफलता हासिल की है।
उन्होंने कहा, ‘‘युवा और छात्र आज दुनियाभर में रह रहे भारतीयों के बीच सबसे बड़ा सेतु हैं।’’
अंबुले ने कहा, ‘‘हम यह प्रयास कर रहे हैं कि विभिन्न क्षेत्रों में भारत के स्टार्टअप किसी समय सिंगापुर आएं।’’ उन्होंने बताया कि नवंबर में यहां एक बड़े हैकाथॉन का आयोजन किया जाएगा।
आईएसए के अध्यक्ष राहुल सिंह ने कहा, ‘‘एक ऐसे संगठन के रूप में, जिसके पूर्व छात्रों की जड़ें भारत में हैं और जिन्होंने सिंगापुर में अपने जीवन के महत्वपूर्ण शुरुआती वर्ष बिताए हैं, हमारा मानना है कि हम दोनों देशों के बीच व्यापार, शिक्षा, संस्कृति, उद्यमिता और सार्वजनिक जीवन के क्षेत्रों में समझ, विश्वास और सहयोग को बढ़ाने के लिए विशिष्ट रूप से सक्षम हैं।’’
भारतीय मूल के दो राजनयिकों—सिंगापुर में ब्रिटेन के उच्चायुक्त निक मेहता और कनाडा के उच्चायुक्त पॉल जेम्स थोप्पिल—ने भारतीय राजदूत अंबुले के साथ कार्यक्रम को संबोधित किया और आईएसए समुदाय के सदस्यों से बातचीत की।
भाषा आशीष देवेंद्र
देवेंद्र

Facebook


