अमेरिका ने स्वेच्छा से देश छोड़ने वाले अवैध अप्रवासियों को 2600 डॉलर के बोनस की पेशकश की

अमेरिका ने स्वेच्छा से देश छोड़ने वाले अवैध अप्रवासियों को 2600 डॉलर के बोनस की पेशकश की

अमेरिका ने स्वेच्छा से देश छोड़ने वाले अवैध अप्रवासियों को 2600 डॉलर के बोनस की पेशकश की
Modified Date: March 18, 2026 / 03:37 pm IST
Published Date: March 18, 2026 3:37 pm IST

(सागर कुलकर्णी)

वाशिंगटन, 18 मार्च (भाषा)अमेरिका के गृह मंत्रालय ने पोस्टर जारी कर भारत सहित अन्य देशों के अवैध अप्रवासियों को मुफ्त में स्वदेश भेजने के साथ-साथ 2600 अमेरिकी डॉलर का निर्वासन बोनस देने की पेशकश की है।

अमेरिका के गृह मंत्रालय (डीएचएस) ने देश में रहने वाले अवैध अप्रवासियों को लक्षित करके शुरू की गई स्व-निर्वासन पहल को बढ़ावा देने के लिए ताजमहल और कोलंबिया और चीन के प्रमुख स्थलों की तस्वीरों का इस्तेमाल किया है।

डीएचएस ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जारी पोस्ट में कहा, ‘‘सीबीपी होम (अमेरिकी सीमा शुल्क एवं सीमा सुरक्षा विभाग द्वारा विकसित ऐप) का उपयोग करके स्वयं को निर्वासित करने पर आपको घर वापसी की मुफ्त उड़ान और 2,600 अमेरिकी डॉलर का निकासी बोनस मिलेगा।’’

‘प्रोजेक्ट होमकमिंग’ नामक यह पहल पिछले साल मई में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दूसरे कार्यकाल की शुरुआत के बाद शुरू की गई थी।

डीएचएस ने प्रवासियों को प्रक्रिया शुरू करने के लिए सीमा शुल्क और सीमा सुरक्षा (सीबीपी) ऐप का उपयोग करने की सलाह दी है, जिससे वे स्वेच्छा से देश छोड़ने के अपने इरादे के तहत पंजीकरण कर सकें, अपने विवरण जमा कर सकें और यात्रा सहायता और कार्यक्रम के तहत दी जाने वाली वित्तीय प्रोत्साहन राशि के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकें।

डीएचएस के मुताबिक जनवरी 2025 में इस योजना के शुरू होने के बाद से 22 लाख से अधिक अवैध अप्रवासियों ने इसका लाभ उठाया है।

अमेरिकी गृह मंत्रालय ने बताया कि किसी व्यक्ति को जबरन निर्वासित करने पर मौजूदा समय में 18,245 अमेरिकी डॉलर की लागत आती है जबकि 2,600 अमेरिकी डॉलर की नयी प्रोत्साहन राशि के साथ, सीबीपी होम ऐप के माध्यम से स्व-निर्वासन की लागत केवल 5,100 अमेरिकी डॉलर होगी। इस प्रकार अमेरिकी करदाताओं को प्रति अवैध अप्रवासी 13,000 अमेरिकी डॉलर से अधिक की बचत होगी।

भाषा धीरज पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में