वाशिंगटन, 18 मार्च (एपी) अमेरिका के राष्ट्रीय आतंकवाद-रोधी केंद्र के निदेशक जो केंट ने ईरान पर सैन्य हमलों के औचित्य पर सवाल उठाते हुए अपने पद से इस्तीफा देने की घोषणा की है।
केंट ने मंगलवार को कहा कि वह अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नेतृत्व वाले प्रशासन द्वारा शुरू किए गए युद्ध का अपनी ‘‘अंतरात्मा की आवाज के खिलाफ जाकर’’ समर्थन नहीं कर सकते।
उन्होंने सोशल मीडिया पर जारी एक बयान में कहा, ‘‘ईरान से हमारे देश को कोई आसन्न खतरा नहीं था और यह स्पष्ट है कि हमने यह युद्ध इजराइल के दबाव में शुरू किया…।’’
केंट राष्ट्रीय आतंकवाद-रोधी केंद्र के प्रमुख के रूप में उस एजेंसी के प्रभारी थे, जिसका काम आतंकवादी खतरों का विश्लेषण करना और उनका पता लगाना है।
इस बीच, ट्रंप ने मंगलवार को ‘ओवल ऑफिस’ (राष्ट्रपति के कार्यालय) में संवाददाताओं से कहा कि वह हमेशा से मानते थे कि केंट ‘‘सुरक्षा के मामले में कमजोर’’ हैं और यदि उनकी सरकार में कोई यह नहीं मानता कि ईरान खतरा था तो ‘‘हमें ऐसे लोग नहीं चाहिए।’’
जबकि केंट को एक साल पहले आतंकवाद-रोधी केंद्र के प्रमुख के रूप में नामित करते समय ट्रंप ने आतंकवादियों एवं अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए उनकी प्रशंसा की थी।
एपी सिम्मी शोभना
शोभना