होर्मुज जलडमरूमध्य में पोतों पर ईरान के हमलों के बाद अमेरिका ने फिर की नाकेबंदी

होर्मुज जलडमरूमध्य में पोतों पर ईरान के हमलों के बाद अमेरिका ने फिर की नाकेबंदी

होर्मुज जलडमरूमध्य में पोतों पर ईरान के हमलों के बाद अमेरिका ने फिर की नाकेबंदी
Modified Date: July 15, 2026 / 08:59 am IST
Published Date: July 15, 2026 8:59 am IST

दुबई, 15 जुलाई (एपी) ईरान के अर्द्धसैनिक बल ‘रिवोल्यूशनरी गार्ड’ ने बुधवार को धमकी दी कि अमेरिका द्वारा इस्लामिक गणराज्य के खिलाफ फिर से नौसैनिक नाकेबंदी किए जाने के जवाब में वह पश्चिम एशिया से होने वाला समूचा ऊर्जा निर्यात रोक देगा।

इस बीच, अमेरिकी हमलों और दोबारा लगाई गई नाकेबंदी के जवाब में ईरान ने बुधवार तड़के बहरीन और कुवैत पर भी हमले किए।

बहरीन में मिसाइल हमले की चेतावनी देने वाला सायरन बजा और कुवैत की सेना ने कहा कि उसकी हवाई रक्षा प्रणालियां मिसाइलों और ड्रोन को उनके लक्ष्य पर पहुंचने से पहले ही मार गिराने के लिए कार्रवाई कर रही हैं।

बहरीन और कुवैत दोनों में अमेरिकी सैन्य बल तैनात हैं। होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर तनाव बढ़ने के बीच ईरान ने दोनों देशों को कई बार निशाना बनाया है।

होर्मुज जलडमरूमध्य पर नियंत्रण को लेकर अमेरिका कई दिनों से ईरान को निशाना बनाकर हवाई हमले कर रहा है और ईरान भी जवाबी हमले कर रहा है।

युद्ध शुरू होने से पहले दुनिया में तेल और प्राकृतिक गैस का जो कुल कारोबार होता था, उसका पांचवां हिस्सा इस जलडमरूमध्य से होकर गुजरता था।

ईरान के सरकारी टेलीविजन पर प्रसारित एक बयान में रिवोल्यूशनरी गार्ड ने क्षेत्र से तेल और गैस का निर्यात रोकने की धमकी दी।

उसने कहा, ‘‘क्षेत्र से तेल और गैस का निर्यात या तो सभी के लिए होगा या किसी के लिए नहीं।’’

एपी

सिम्मी शोभना

शोभना


लेखक के बारे में