अमेरिका ने जापान में रॉकेट प्रणाली का परीक्षण किया
अमेरिका ने जापान में रॉकेट प्रणाली का परीक्षण किया
गोटेम्बा (जापान), 20 मई (एपी) अमेरिकी मरीन सैनिकों ने बुधवार को जापान की सर्वोच्च पर्वत चोटी माउंट फुजी की तलहटी में एक स्थान पर मोबाइल लॉन्चर से दर्जन भर रॉकेट के परीक्षण किये।
यह हथियार प्रणाली अमेरिकी सेना के शस्त्रागार में तेजी से अपनी जगह मजबूत कर रही है।
‘हाई मोबिलिटी आर्टिलरी रॉकेट सिस्टम’ (हिमर्स) एक ऐसा लॉन्चर है जो सैन्य ट्रक के पीछे लगा होता है और जिसे वाहन के गुप्त हिस्से से तेजी से निकालकर, रॉकेट दागे जाते हैं। इसे जवाबी हमले से बचने के लिए तुरंत किसी नये स्थान पर ले जाया जा सकता है।
युद्धक्षेत्र में ड्रोन के बढ़ते उपयोग के कारण स्थिर ठिकानों के असुरक्षित होने की आशंका बढ़ गई है, ऐसे में ‘‘दागो और भागो’’ रणनीति का महत्व लगातार बढ़ता जा रहा है।
इस प्रणाली का उपयोग अमेरिकी सेना द्वारा इराक और अफगानिस्तान में किया गया है। हाल ही में अमेरिकी केंद्रीय कमान ने कहा कि इसका उपयोग ईरान पर शुरुआती हमले में किया गया था, जहां इसने इस नयी तरह के रॉकेट का उपयोग किया जो सैकड़ों मील दूर स्थित लक्ष्य को भेद सकता है।
यह प्रशांत क्षेत्र में विशेष रूप से उपयोगी साबित होगा, जहां ताइवान द्वीप पर संभावित चीनी आक्रमण को रोकने की अमेरिका उम्मीद कर रहा है।
यदि इसे जापान या आसपास के अन्य द्वीपों पर तैनात किया जाता है तो नवीनतम मिसाइलों से लैस हिमर्स प्रणालियां ताइवान और चीन के बीच स्थित ताइवान जलडमरूमध्य में लक्ष्यों को आसानी से भेद सकती हैं।
यह अभ्यास, जिसके तहत कैंप फुजी में अब तक दूसरी बार हिमर्स का परीक्षण किया गया, जापानी सैन्य बलों के साथ घनिष्ठ समन्वय में किया गया।
एपी सुभाष नरेश
नरेश

Facebook


