अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जेमीसन ग्रीर अंतरिम व्यापार समझौते पर बातचीत के लिए भारत जाएंगे
अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जेमीसन ग्रीर अंतरिम व्यापार समझौते पर बातचीत के लिए भारत जाएंगे
(सागर कुलकर्णी)
वाशिंगटन, 22 जून (भाषा) अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जेमीसन ग्रीर उस अंतरिम व्यापार समझौते पर चर्चा को आगे बढ़ाने के लिए भारत जाएंगे, जिस पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फरवरी में सहमति जताई थी।
अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि के कार्यालय ने रविवार को एक बयान में कहा, ‘‘इस सप्ताह राजदूत जेमीसन ग्रीर नयी दिल्ली की यात्रा पर जाएंगे, जहां वह भारत के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और अन्य वरिष्ठ भारतीय अधिकारियों से मुलाकात कर भारत-अमेरिका संयुक्त वक्तव्य तथा अंतरिम समझौते पर चर्चा करेंगे। यह समझौता भारत-अमेरिका द्विपक्षीय व्यापार समझौता (बीटीए) वार्ता का हिस्सा है।’’
पिछले सप्ताह फ्रांस में आयोजित ‘जी-7’ शिखर सम्मेलन के दौरान ट्रंप और मोदी की मुलाकात हुई थी। इस दौरान अमेरिका के राष्ट्रपति ने कहा था कि भारत और अमेरिका व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने के बेहद करीब हैं।
ट्रंप ने मोदी को एक सख्त वार्ताकार बताया था और उनके साथ अपने मित्रतापूर्ण संबंधों का भी उल्लेख किया था।
ग्रीर और गोयल के बीच यह बैठक नयी दिल्ली में दो से चार जून के बीच वार्ताकार-स्तर की चर्चाओं के तुरंत बाद हो रही है।
इससे पहले, वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल ने कहा था कि दोनों मंत्रियों के बीच होने वाली चर्चा समझौते के मसौदे को अंतिम रूप देने पर केंद्रित रहने की उम्मीद है।
भारत यात्रा के बाद ग्रीर उज्बेकिस्तान जाएंगे, जहां वह राष्ट्रपति शवकत मिर्जियोयेव, वहां के प्रशासन की प्रमुख साइदा मिर्जियोयेवा और उप प्रधानमंत्री जमशीद खोदजाएव से मुलाकात करेंगे।
उज्बेकिस्तान में ग्रीर की चर्चा अमेरिका के साथ निष्पक्ष, संतुलित और परस्पर लाभकारी व्यापार को बढ़ावा देने पर केंद्रित रहेगी।
भाषा
खारी रंजन
रंजन

Facebook


