वेनेजुएला के विदेश मंत्री ने किया भारतीय फील्ड अस्पताल का दौरा, भूकंप राहत कार्य के लिए जताया आभार
वेनेजुएला के विदेश मंत्री ने किया भारतीय फील्ड अस्पताल का दौरा, भूकंप राहत कार्य के लिए जताया आभार
काराकास, चार जुलाई (भाषा) वेनेजुएला के विदेश मंत्री यवान जिल ने काराकास में भारतीय फील्ड अस्पताल का दौरा कर भूकंप से जुड़े राहत कार्यों के लिए नयी दिल्ली को धन्यवाद दिया।
इंटरनेशनल ला रिनकोनाडा रेसट्रैक में भारतीय सेना द्वारा स्थापित इस फील्ड अस्पताल में पिछले महीने वेनेजुएला में आए विनाशकारी भूकंप से प्रभावित लोगों को व्यापक चिकित्सा सेवाएं दी जा रही हैं। भूकंप में 1,700 से अधिक लोगों की मौत हो गई थी।
जिल ने शनिवार को ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘बोलीवारियन (वेनेजुएला) सरकार और वेनेजुएला की जनता की ओर से हम भारत सरकार और भारत की जनता, खासकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति अपनी सच्ची कृतज्ञता व्यक्त करते हैं, जिन्होंने इस आपदा से प्रभावित लोगों की मदद के लिए हाथ बढ़ाया।’’
उनके अस्पताल दौरे के दौरान भारत के राजदूत पी. के. अशोक बाबू भी मौजूद थे।
काराकास स्थित भारतीय दूतावास ने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘विदेश मंत्री यवान जिल ने फील्ड अस्पताल का दौरा कर हमारे चिकित्सकों तथा आम लोगों से मुलाकात की। उन्होंने वेनेजुएला में आए भूकंप के बाद राहत कार्यों के लिए भारत सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।’’
स्पेनिश भाषा में ‘ऑपेरासियोन अमिस्ताद’ नाम से चलाए जा रहे इस अभियान के तहत भारतीय वायुसेना के दो सी-17 ग्लोबमास्टर विमानों ने 66 टन राहत सामग्री पहुंचाई।
भाषा जोहेब नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


