पीएसजी की जीत के जश्न के दौरान हिंसा भड़की, पेरिस पुलिस ने सैकड़ों लोगों को हिरासत में लिया
पीएसजी की जीत के जश्न के दौरान हिंसा भड़की, पेरिस पुलिस ने सैकड़ों लोगों को हिरासत में लिया
पेरिस, 31 मई (एपी) पेरिस सेंट-जर्मेन (पीएसजी) के शनिवार को दूसरी बार चैंपियंस लीग खिताब जीतने के बाद देर रात जश्न के दौरान पेरिस और फ्रांस के अन्य शहरों में भड़की हिंसा के संबंध में पुलिस ने 780 लोगों को हिरासत में लिया है।
गृह मंत्री लॉरेंट नुनेज ने कहा कि फुटबॉल प्रशंसकों द्वारा आगजनी और दुकानों में तोड़फोड़ के दौरान 57 अधिकारी घायल हो गए जिनमें से अधिकांश को मामूली चोटें आई हैं। एक छोटे समूह ने तो पेरिस के एक पुलिस थाने पर धावा बोलने की भी कोशिश की।
नुनेज ने रविवार को एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि “स्थिति काफी हद तक नियंत्रण में आ गई है”।
उन्होंने कहा कि फ्रांसीसी राजधानी में “अधिकांश समारोह शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए”। उन्होंने बताया कि अधिकांश घटनाएं चैंप्स एलिसी इलाके में और पश्चिमी पेरिस में पार्क डेस प्रिंसेस स्टेडियम के पास हुईं, जहां प्रशंसक मैच देखने के लिए एकत्र हुए थे।
पेरिस सेंट-जर्मेन (पीएसजी) ने शनिवार को पुस्कास एरिना में खेले गए चैंपियंस लीग के रोमांचक फाइनल मुकाबले में आर्सेनल को पेनाल्टी शूटआउट में मात देकर लगातार दूसरी बार इस स्पर्धा का खिताब अपने नाम कर लिया।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने रात भर में पांच बार सड़कों पर उतरकर हस्तक्षेप किया ताकि लोग पेरिस के चारों ओर मुख्य रिंग रोड पर यातायात को अवरुद्ध न कर सकें।
नुनेज ने बताया कि फ्रांस के लगभग 15 शहरों में घटनाएं घटीं, जिनमें पेरिस को छोड़कर हर शहर में एक . दो दुकानों में तोड़फोड़ की गई। उन्होंने कहा कि कुल 780 लोगों को हिरासत में लिया गया, जिनमें से 480 अकेले पेरिस क्षेत्र से हैं।
पेरिस के अभियोजक कार्यालय ने बताया कि कथित अपराधों के लिए 82 नाबालिगों सहित 277 लोगों को औपचारिक रूप से पुलिस हिरासत में लिया गया है। इनमें से अधिकांश पर पुलिस अधिकारियों पर हमला करने का आरोप है, जबकि अन्य आरोपों में चोरी, तोड़फोड़ और सार्वजनिक व्यवस्था भंग करना शामिल है।
नुनेज ने हालांकि कहा कि एफिल टॉवर के पास चैंप डी मार्स में रविवार दोपहर को टीम की जीत का जश्न तय कार्यक्रम के अनुसार ही मनाया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी संभावित हिंसा से निपटने के लिए पुलिस “दृढ़ता” के साथ कार्रवाई करेगी।
इसके बाद फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों पीएसजी टीम की मेजबानी एलिसी राष्ट्रपति भवन में करेंगे।
हंगरी के बुडापेस्ट में पीएसजी की जीत के बाद पेरिस में प्रशंसकों ने जश्न मनाना शुरू कर दिया।
प्रशंसक आर्क डी ट्रायम्फ के पास की सड़कों पर मार्च करते हुए निकले, कुछ लोगों ने पटाखे जलाए और गाड़ियों के हॉर्न बजाए। चैंप्स-एलिसी पर लगभग 20,000 लोग जमा हो गए और पुलिस भीड़ को नियंत्रित करने में जुटी रही।
पेरिस पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि छोटे-छोटे समूहों ने विभिन्न स्थानों पर अशांति फैलाई। कुछ समूहों ने दुकानों में तोड़फोड़ और आगजनी की। कारों में भी आग लगा दी गई।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस घटना में एक पुलिसकर्मी घायल हो गया। पुलिस ने बताया कि पॉश 8वें अरॉन्डिसमेंट इलाके में एक थाने पर धावा बोलने की कोशिश करने वालों को तितर-बितर कर दिया गया।
भाषा प्रशांत नरेश
नरेश

Facebook


