‘जेन जेड’ के विरोध प्रदर्शनों के बाद नेपाल में पहले आम चुनाव के लिए मतदान जारी
‘जेन जेड’ के विरोध प्रदर्शनों के बाद नेपाल में पहले आम चुनाव के लिए मतदान जारी
(तस्वीरों के साथ जारी)
(शिरीष बी प्रधान)
काठमांडू, चार मार्च (भाषा) नेपाल में पिछले साल हुए ‘जेन जेड’ विरोध प्रदर्शन के बाद पहले आम चुनाव के लिए बृहस्पतिवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान जारी है।
पिछले साल हिंसक ‘जेन जेड’ प्रदर्शन के बाद नेपाल में प्रधानमंत्री के पी शर्मा ओली की सरकार गिर गयी थी। ‘जेन जेड’ पीढ़ी से तात्पर्य 1997 से 2012 के बीच पैदा हुए लोगों से है।
इस आम चुनाव में 1.89 करोड़ से अधिक नेपाली मताधिकार का इस्तेमाल करने के लिए पात्र हैं। नेपाल की 275 सदस्यीय प्रतिनिधि सभा की जिन 165 सीट के लिए प्रत्यक्ष मतदान होना है, उनके लिए 3,406 उम्मीदवार मैदान में हैं। इनके अलावा 110 सीट पर अनुपातिक मतदान के जरिए चुनाव होना है जिनके लिए 3,135 उम्मीदवार मैदान में हैं।
मतदान सुबह सात बजे शुरू हो गया और यह शाम पांच बजे समाप्त होगा। मतपेटियां एकत्र किए जाने के तुरंत बाद मतगणना शुरू होगी।
निर्वाचन आयोग के प्रवक्ता नारायण प्रसाद भट्टराई ने कहा, ‘‘दक्षिणी मैदानी इलाकों, पहाड़ी क्षेत्र और पर्वतीय क्षेत्र सहित सभी निर्वाचन क्षेत्रों में सुबह सात बजे मतदान शुरू हो गया।’’
उन्होंने कहा, ‘‘देशभर में चुनाव शांतिपूर्ण माहौल में शुरू हुआ।’’
कार्यवाहक निर्वाचन आयुक्त राम प्रसाद भंडारी ने मतदान की पूर्व संध्या पर यहां आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा था कि चुनाव की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने मतदाताओं से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय और उत्साहपूर्वक भाग लेने का आग्रह किया था।
भ्रष्टाचार एवं भाई-भतीजावाद के खिलाफ और राजनीतिक नेतृत्व में पीढ़ीगत बदलाव एवं सुशासन की मांग को लेकर ‘जेन जेड’ के युवाओं ने आठ और नौ सितंबर को विरोध प्रदर्शन किया था जिसके कारण नेपाल कम्युनिस्ट पार्टी (एकीकृत मार्क्सवादी-लेनिनवादी) अध्यक्ष प्रधानमंत्री ओली अपदस्थ हो गए थे।
ओली के अपदस्थ होने के बाद नेपाल के राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल ने 12 सितंबर को प्रतिनिधि सभा को भंग कर दिया और सुशीला कार्की को कार्यवाहक प्रधानमंत्री नियुक्त किया था।
नेपाल ने चुनाव के लिए बुधवार से तीन दिन की छुट्टी घोषित की है।
निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार, कुल 10,967 मतदान बूथ और 23,112 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। चुनाव में 65 राजनीतिक दल हिस्सा ले रहे हैं।
भाषा
सिम्मी वैभव
वैभव

Facebook


