मुजफ्फरपुर कैंसर अस्पताल में 100 बिस्तरों की ‘पैलिएटिव केयर यूनिट’ जल्द बनेगी : स्वास्थ्य मंत्री
मुजफ्फरपुर कैंसर अस्पताल में 100 बिस्तरों की ‘पैलिएटिव केयर यूनिट’ जल्द बनेगी : स्वास्थ्य मंत्री
पटना, तीन सितंबर (भाषा) बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने बृहस्पतिवार को होमी भाभा कैंसर अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र (एचबीसीएच एवं आरसी) का दौरा कर अस्पताल में जारी विकास कार्यों की समीक्षा की और कहा कि राज्य सरकार के सहयोग से 112 करोड़ रुपये की लागत वाले 100 बिस्तरों के ‘पैलिएटिव केयर यूनिट’ का निर्माण शीघ्र गति पकड़ेगा।
स्वास्थ्य मंत्री ने एचबीसीएच एवं आरसी के अत्याधुनिक गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) परिसर तथा श्रीकृष्ण चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (एसकेएमसीएच) के 30 बिस्तर वाले विशेष गहन चिकित्सा इकाई का उद्घाटन किया।
भारत सरकार के परमाणु ऊर्जा विभाग के अंतर्गत टाटा मेमोरियल सेंटर (टीएमसी) की इकाई इस अस्पताल में स्वास्थ्य मंत्री पहली बार पहुंचे। उनके साथ स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों का एक दल भी मौजूद था।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी बयान के अनुसार, कुमार ने अस्पताल की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि बिहार सरकार राज्य में कैंसर उपचार सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए टाटा मेमोरियल सेंटर के साथ मिलकर काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार अस्पताल को हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
अस्पताल के निदेशक डॉ. कुमार प्रभाष ने राज्य सरकार के सहयोग के लिए आभार जताते हुए कहा कि अस्पताल की स्थापना का उद्देश्य बिहार और आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को विश्वस्तरीय कैंसर उपचार उनके घर के निकट उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें इलाज के लिए मुंबई जैसे दूरस्थ शहरों का रुख न करना पड़े।
भाषा कैलाश
शफीक
शफीक

Facebook


