बिहार: दो शिक्षक निलंबित, छात्रा से छेड़छाड़ व आपत्तिजनक वीडियो मामले की जांच शुरू

बिहार: दो शिक्षक निलंबित, छात्रा से छेड़छाड़ व आपत्तिजनक वीडियो मामले की जांच शुरू

बिहार: दो शिक्षक निलंबित, छात्रा से छेड़छाड़ व आपत्तिजनक वीडियो मामले की जांच शुरू
Modified Date: September 3, 2026 / 08:16 pm IST
Published Date: September 3, 2026 8:16 pm IST

पटना, तीन सितंबर (भाषा) बिहार के बक्सर जिले में एक सरकारी विद्यालय के दो शिक्षकों को छात्रा से कथित छेड़छाड़, आपत्तिजनक वीडियो प्रसारित करने और ऑडियो संदेश के जरिए धमकी देने के आरोप में निलंबित कर दिया गया। शिक्षा विभाग ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

विभाग ने बताया कि दोनों शिक्षकों के खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी है।

जिला जनसंपर्क कार्यालय (डीपीआरओ) की ओर से बृहस्पतिवार को जारी बयान के अनुसार, डुमरांव प्रखंड के नथुनी अहीर के डेरा स्थित मध्य विद्यालय में पदस्थापित सहायक शिक्षक वीरेंद्र प्रसाद और शिक्षक अरविंद कुमार के खिलाफ स्थानीय लोगों ने शिकायत दर्ज कराई थी।

बयान में बताया गया कि 31 अगस्त को डुमरांव के प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (बीईओ) ने शिकायत के आधार पर अपनी जांच रिपोर्ट जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) को सौंपी और इसके बाद डीईओ ने दो सितंबर को अलग-अलग आदेश जारी कर दोनों शिक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।

शिकायत में छात्राओं के साथ दुर्व्यवहार, एक आपत्तिजनक वीडियो प्रसारित करने और ऑडियो रिकॉर्डिंग के माध्यम से धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए थे। हालांकि, विद्यालय के प्रधानाध्यापक की रिपोर्ट में बताया गया कि सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में दिखाई देने वाली लड़की विद्यालय की छात्रा नहीं है।

जिला प्रशासन ने बताया कि संबंधित शिक्षकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है और साथ ही, प्रधानाध्यापक से इस मामले में स्पष्टीकरण मांगा गया है तथा आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है। प्रशासन ने शिक्षा विभाग को पत्र लिखकर इसी विद्यालय के प्रधानाध्यापक मोहम्मद इमाम अली अंसारी को वर्ष 2026 के राज्य शिक्षक पुरस्कार के लिए चयनित सूची से बाहर करने की भी सिफारिश की है।

भाषा कैलाश जितेंद्र

जितेंद्र


लेखक के बारे में