बिहार में 1.19 लाख किलोमीटर ग्रामीण सड़कों का निर्माण हुआ : मंत्री अशोक चौधरी
बिहार में 1.19 लाख किलोमीटर ग्रामीण सड़कों का निर्माण हुआ : मंत्री अशोक चौधरी
पटना, 18 फरवरी (भाषा) बिहार के ग्रामीण कार्य विभाग के मंत्री अशोक चौधरी ने बुधवार को कहा कि राज्य में अब तक एक लाख 19 हजार 800 किलोमीटर ग्रामीण सड़कों का निर्माण कराया जा चुका है।
उन्होंने बताया कि 2834 पुल-पुलिया और 7133 किलोमीटर सड़क निर्माण का कार्य वर्तमान में प्रगति पर है।
ग्रामीण कार्य विभाग के बजट पर सरकार का पक्ष रखते हुए चौधरी ने विपक्ष पर भी निशाना साधा और उनसे कटौती प्रस्ताव वापस लेने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि कटौती प्रस्ताव वापस नहीं लिया गया तो जिन विधायकों ने इस पर हस्ताक्षर किए हैं, उनके क्षेत्रों में विभागीय कार्य प्रभावित हो सकते हैं।
विपक्ष के बहिर्गमन के बीच ग्रामीण कार्य विभाग का 11,342 करोड़ रुपये का बजट ध्वनि मत से पारित हो गया।
चौधरी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक प्रमोद कुमार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि वह सत्ता पक्ष में होते हुए भी विपक्ष की तरह बोल रहे थे, जबकि उनके क्षेत्र में 168 करोड़ रुपये की लागत से 168 किलोमीटर लंबी 106 सड़कों का निर्माण कराया गया है।
राष्ट्रीय जनता दल (राजद) पर निशाना साधते हुए मंत्री ने कहा कि उनके शासन का केंद्र परिवार होता है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2005 से पहले राज्य में सड़कों की स्थिति को लेकर बिहार की व्यापक आलोचना होती थी।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रशंसा करते हुए चौधरी ने कहा कि ग्रामीण कार्य विभाग में रहते हुए उन्हें ‘नीतीश सिद्धांत’ और विकास मॉडल को समझने का अवसर मिला है।
भाषा कैलाश शफीक
शफीक

Facebook


