बिहार के तीन दिवसीय दौरे पर शाह, ‘जनसांख्यिकीय बदलाव’ की समीक्षा एजेंडे में

बिहार के तीन दिवसीय दौरे पर शाह, ‘जनसांख्यिकीय बदलाव’ की समीक्षा एजेंडे में

बिहार के तीन दिवसीय दौरे पर शाह, ‘जनसांख्यिकीय बदलाव’ की समीक्षा एजेंडे में
Modified Date: February 25, 2026 / 09:04 pm IST
Published Date: February 25, 2026 9:04 pm IST

(तस्वीरों के साथ)

पूर्णिया/किशनगंज, 25 फरवरी (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बुधवार को बिहार के तीन दिवसीय दौरे पर पहुंचे। इस दौरान वह सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण सीमांचल क्षेत्र में कई कार्यक्रमों में भाग लेंगे और इलाके में “जनसांख्यिकीय बदलाव” की समीक्षा करेंगे।

दिन में उन्होंने गृह मंत्रालय के अधीन कार्यरत वैधानिक निकाय ‘लैंड पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया’ की बैठक की अध्यक्षता की। यह प्राधिकरण सीमा अवसंरचना के निर्माण, उन्नयन, रखरखाव और प्रबंधन के लिए जिम्मेदार है।

शाह के पूर्णिया हवाई अड्डे पहुंचने पर केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय, बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने उनका स्वागत किया।

“ऑफिस ऑफ अमित शाह” के ‘एक्स’ हैंडल से कहा गया, “केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह तीन दिवसीय बिहार दौरे पर पूर्णिया पहुंचे। वह सीमा चौकियों को राष्ट्र को समर्पित करेंगे, सशस्त्र सीमा बल की परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे और जनसांख्यिकीय बदलाव की समीक्षा के लिए बैठकों में भाग लेंगे।”

पूर्णिया से शाह हेलीकॉप्टर से किशनगंज रवाना हुए, जो बिहार का एकमात्र मुस्लिम बहुल जिला है। सोशल मीडिया पोस्ट के अनुसार, वहां उन्होंने ‘लैंड पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया’ की बैठक की अध्यक्षता की।

शाह के नेपाल से लगने वाली खुली सीमा की निगरानी से जुड़े विभागों के अधिकारियों के साथ भी बैठक करने की संभावना है।

राज्य के पुलिस महानिदेशक विनय कुमार ने मंगलवार को कहा था कि केंद्रीय गृह मंत्री भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी और जाली मुद्रा पर रोक लगाने के उपायों को लेकर अधिकारियों को दिशानिर्देश दे सकते हैं।

भाजपा के प्रमुख रणनीतिकार माने जाने वाले शाह का यह बिहार का पहला दौरा है। इससे पहले वह नवंबर में राज्य की राजधानी में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की विधानसभा चुनाव में प्रचंड जीत के बाद नीतीश कुमार मंत्रिमंडल के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए थे।

राज्य सरकार में मंत्री एवं बिहार भाजपा के पूर्व अध्यक्ष दिलीप जायसवाल, जो किशनगंज से आते हैं, ने ‘एक्स’ पर लिखा, “यह हमारे लिए गर्व की बात है कि भारतीय राजनीति के चाणक्य अमित शाह हमारी धरती पर आए हैं।”

शाह शुक्रवार को समीपवर्ती अररिया जिले का दौरा करने वाले हैं, जहां वह भारत-नेपाल सीमा का निरीक्षण करेंगे, सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के अधिकारियों से बातचीत करेंगे और नव-निर्मित ‘एसएसबी भवन’ का उद्घाटन करेंगे।

वह शुक्रवार को पूर्णिया से वापसी उड़ान लेकर अपने बिहार दौरे का समापन करेंगे।

प्रदेश भाजपा प्रवक्ता प्रेम रंजन पटेल ने एक बयान में कहा, “केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का सीमांचल दौरा राष्ट्रीय सुरक्षा को सुदृढ़ करने की दिशा में एक निर्णायक कदम है। नेपाल और बांग्लादेश की निकटता के कारण यह क्षेत्र सामरिक रूप से महत्वपूर्ण है और यहां खुफिया तंत्र तथा जनसांख्यिकीय संतुलन बनाए रखने की चुनौतियां हैं।”

बिहार के उत्तर-पूर्वी छोर पर स्थित सीमांचल घनी आबादी वाला, लेकिन बाढ़ प्रभावित और आर्थिक रूप से पिछड़ा इलाका है, जो नेपाल और पश्चिम बंगाल की सीमा के समीप स्थित है। इस क्षेत्र में मुस्लिम आबादी का अनुपात अधिक है ।

भाषा कैलाश

राजकुमार

राजकुमार


लेखक के बारे में