सार्वजनिक स्थानों पर अश्लील-द्विअर्थी गानों पर रोक, होली पर विशेष निगरानी के निर्देश: सम्राट चौधरी

सार्वजनिक स्थानों पर अश्लील-द्विअर्थी गानों पर रोक, होली पर विशेष निगरानी के निर्देश: सम्राट चौधरी

सार्वजनिक स्थानों पर अश्लील-द्विअर्थी गानों पर रोक, होली पर विशेष निगरानी के निर्देश: सम्राट चौधरी
Modified Date: February 5, 2026 / 03:17 pm IST
Published Date: February 5, 2026 3:17 pm IST

पटना, पांच फरवरी (भाषा) बिहार के उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने बृहस्पतिवार को अश्लील व द्विअर्थी गीत बजाने पर रोक लगाने के लिए सभी जिलों में विशेष अभियान चलाने और ऐसे मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

उन्होंने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों, समारोहों और वाहनों में इस तरह के गाने बजाने को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि द्विअर्थी व अश्लील गाने समाज के लिए गंभीर समस्या बन चुके हैं और सार्वजनिक स्थानों व वाहनों पर ऐसे गाने बजाने से महिलाओं की गरिमा और सुरक्षा प्रभावित होती है तथा वे असहज महसूस करती हैं।

उन्होंने कहा कि इस प्रकार के गाने बच्चों की सोच पर भी नकारात्मक प्रभाव डालते हैं और यह एक गंभीर सामाजिक समस्या है, जिसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।

चौधरी ने कहा कि सरकार महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह गंभीर है, जिसके मद्देनजर पुलिस प्रशासन को अश्लील और द्विअर्थी गानों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने बताया कि होली के दौरान भी सभी जिलों में विशेष अभियान चलाए जाएंगे।

उपमुख्यमंत्री के अनुसार, अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों, वाहनों और आयोजनों में बजने वाले ऐसे गानों को चिन्हित किया जाएगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 296, 79 तथा अन्य संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।

उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर साउंड सिस्टम जब्त करने और आयोजकों व वाहन चालकों पर भी कार्रवाई की जाएगी।

भाषा कैलाश जितेंद्र

जितेंद्र


लेखक के बारे में