बांकीपुर उपचुनाव: जन सुराज पांच जुलाई को करेगा उम्मीदवार की घोषणा, प्रशांत किशोर हो सकते उम्मीदवार
बांकीपुर उपचुनाव: जन सुराज पांच जुलाई को करेगा उम्मीदवार की घोषणा, प्रशांत किशोर हो सकते उम्मीदवार
पटना, दो जुलाई (भाषा) जन सुराज पार्टी ने बृहस्पतिवार को कहा कि वह बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए अपने उम्मीदवार की घोषणा 5 जुलाई को करेगी। हालांकि पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर के स्वयं चुनाव लड़ने को लेकर असमंजस बना हुआ है।
यह उपचुनाव भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के इस्तीफे के कारण कराया जा रहा है।
निर्वाचन आयोग द्वारा बृहस्पतिवार को जारी कार्यक्रम के अनुसार, नामांकन की प्रक्रिया अगले सप्ताह शुरू होगी और 13 जुलाई तक चलेगी। 30 जुलाई को मतदान होगा, जबकि मतगणना तीन अगस्त को की जाएगी।
करीब दो वर्ष पहले अपनी पार्टी बनाने वाले प्रशांत किशोर पहले भी कह चुके हैं कि वह स्वयं चुनाव लड़ने से ‘‘परहेज नहीं करते’’। उन्होंने भाजपा के गढ़ मानी जाने वाली इस सीट के उपचुनाव को बिहार की सम्राट चौधरी सरकार पर ‘‘जनमत संग्रह’’ बताया है।
प्रशांत किशोर इन दिनों पटना के मतदाताओं से जन सुराज पार्टी को एक अवसर देने की अपील भी कर रहे हैं। उनका कहना है कि ‘‘एक सीट से न तो भारी बहुमत वाली सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार पर कोई असर पड़ेगा और न ही पिछले वर्ष के विधानसभा चुनाव में बुरी तरह पराजित ‘इंडिया’ गठबंधन पर।’’
चुनाव कार्यक्रम घोषित होने के कुछ घंटे बाद आयोजित संवाददाता सम्मेलन में जन सुराज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने कहा, ‘‘हम दोहराते हैं कि जन सुराज पार्टी बांकीपुर उपचुनाव लड़ेगी। हां, बहुत से लोग चाहते हैं कि प्रशांत किशोर स्वयं उम्मीदवार हों। इस पर विचार-विमर्श चल रहा है और उम्मीदवार के नाम की औपचारिक घोषणा पांच जुलाई को की जाएगी।’’
भाजपा सूत्रों ने दावा किया कि पार्टी 1990 के दशक से जिस सीट पर लगातार जीत दर्ज करती रही है, उसे बरकरार रखने को लेकर आश्वस्त है। उन्होंने उम्मीदवार की घोषणा को ‘‘महज औपचारिकता’’ बताते हुए प्रशांत किशोर के दावे पर कटाक्ष किया।
सूत्रों ने कहा कि प्रशांत किशोर ने पहले राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव को उनके गृह क्षेत्र राघोपुर में चुनौती देने का दावा किया था, लेकिन बाद में चुनाव नहीं लड़ा।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि वर्ष 2020 में इस सीट पर चुनाव लड़ने वाला राजद, इससे पहले भाजपा के खिलाफ उम्मीदवार उतार चुकी कांग्रेस अथवा उनके वामपंथी सहयोगी इस उपचुनाव में राजग के विरुद्ध उम्मीदवार उतारेंगे या नहीं।
इस बीच, राजद से निष्कासित किए जाने के बाद अपनी नई पार्टी ‘जनशक्ति जनता दल’ बनाने वाले तेजस्वी यादव के बड़े भाई तेज प्रताप यादव ने सामाजिक कार्यकर्ता वीणा मानवी को बांकीपुर उपचुनाव के लिए अपनी पार्टी का उम्मीदवार घोषित किया है।
भाषा कैलाश
अमित
अमित

Facebook


