बिहार: मदरसे में पढ़ने वाली 10 वर्षीय छात्रा की संदिग्ध खाद्य विषाक्तता से मौत, तीन अन्य बीमार

Ads

बिहार: मदरसे में पढ़ने वाली 10 वर्षीय छात्रा की संदिग्ध खाद्य विषाक्तता से मौत, तीन अन्य बीमार

  •  
  • Publish Date - September 8, 2026 / 10:02 PM IST,
    Updated On - September 8, 2026 / 10:02 PM IST

सुपौल, आठ सितंबर (भाषा) बिहार के सुपौल जिले में एक निजी मदरसे में पढ़ने वाली 10 वर्षीय छात्रा की मंगलवार को संदिग्ध खाद्य विषाक्तता से मौत हो गई, जबकि तीन अन्य छात्राएं बीमार पड़ गईं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

यह घटना जिले के सुपौल नगर थाना क्षेत्र स्थित ‘जामियतुस सालिहात एजुकेशनल ट्रस्ट’ द्वारा संचालित एक निजी मदरसे में हुई।

सुपौल के पुलिस अधीक्षक (एसपी) शरथ आरएस ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा, ‘‘एक छात्रा की संदिग्ध खाद्य विषाक्तता से मौत हुई है। शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा और मामले की विस्तृत जांच की जाएगी।’’

उन्होंने कहा कि छात्राओं के बीमार होने के वास्तविक कारण का पता चिकित्सीय जांच और विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा।

मदरसे की शिक्षिका रिजवाना के अनुसार, छात्रा अलफिशा की मां सोमवार को उससे मिलने मदरसे आई थीं और उसके लिए मिठाई तथा समोसे लेकर आई थीं।

उन्होंने बताया कि छात्राओं ने उन नाश्ते के साथ-साथ मदरसे में बना भोजन भी खाया था और मंगलवार को उनकी तबीयत बिगड़ गई।

अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने मदरसे के निदेशक खलील रहमान और शिक्षकों से पूछताछ की तथा परिसर का निरीक्षण किया।

उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर शिक्षा विभाग की एक टीम भी मौके पर पहुंची है, जो मदरसे के दस्तावेज, छात्राओं के आवासीय प्रबंध तथा संस्थान को छात्राओं को आवासीय सुविधा उपलब्ध कराने की अनुमति संबंधी पहलुओं की जांच कर रही है।

भाषा सं कैलाश सुरभि

सुरभि