संभल में एएसआई की टीम ने जामा मस्जिद के पास मुसाफिरखाने का निरीक्षण किया

Ads

संभल में एएसआई की टीम ने जामा मस्जिद के पास मुसाफिरखाने का निरीक्षण किया

  •  
  • Publish Date - September 8, 2026 / 10:09 PM IST,
    Updated On - September 8, 2026 / 10:09 PM IST

संभल (उप्र), आठ सितंबर (भाषा) संभल में मंगलवार को कड़ी सुरक्षा के बीच भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) की एक टीम ने एएसआई-संरक्षित जामा मस्जिद के पास एक मुसाफिरखाने का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अपर जिलाधिकारी (एडीएम) सत्यप्रिया सिंह ने कहा कि इस ढांचे की जांच के अनुरोध वाली एक शिकायत के बाद यह निरीक्षण किया गया।

सिंह ने पत्रकारों से कहा, ‘‘एएसआई की एक टीम एक शिकायत की जांच करने और स्थल का निरीक्षण करने के लिए यहां आई थी। मिली रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।’’

अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) कुलदीप सिंह ने बताया कि निरीक्षण के दौरान सुरक्षा के लिए प्रांतीय आर्म्ड कांस्टेबुलरी (पीएसी) की एक प्लाटून और कई पुलिस थानों के पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया था।

एएसआई टीम के एक सदस्य ने कहा कि टीम ने केवल मुसाफिरखाने का निरीक्षण किया।

यह शिकायत ‘कल्कि सेना’ संगठन के राष्ट्रीय समन्वयक सुभाष चंद्र त्यागी ने दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि यह ढांचा अवैध है और इसके खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी।

अधिकारियों ने बताया कि इस मामले की पहले से ही जांच हो रही है और राजस्व अधिकारी तथा एएसआई इस इलाके में जमीन के रिकॉर्ड और ढांचों से जुड़े मुद्दों की जांच कर रहे हैं।

भाषा सं आनन्द सुरभि

सुरभि